भाजपा की बैठक में बिहार के नेताओं का बुलावा
पटना। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की कोर ग्रुप की दिल्ली में मंगलवार की देर शाम होने वाली बैठक में जनता दल (युनाइटेड) के साथ गठबंधन में रहने के मुद्दे पर विचार होना है। इस बैठक के लिए बिहार के वरिष्ठ भाजपा नेताओं को भी दिल्ली बुलाया गया है।
भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष सी़ पी़ ठाकुर पहले से ही दिल्ली में हैं और अब राज्य के उपमुख्यमंत्री सुशील कुमार मोदी, नंदकिशोर यादव, गिरीराज सिंह सहित कई वरिष्ठ नेताओं को दिल्ली बुलाया गया है। इधर, राज्य कैबिनेट की मंगलवार को बैठक होनी है।
भाजपा के एक नेता की मानें तो भाजपा के मंत्री इस बैठक का बहिष्कार करेंगे। सूत्रों की मानें तो भाजपा में जद (यू) के साथ गठबंधन को लेकर भी दो पक्ष हैं। कुछ नेता जहां गठबंधन के पक्ष में हैं तो कई नेता इसके विरोध में खड़े हैं।
इधर, भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष ठाकुर ने मंगलवार को आईएएनएस से टेलीफोन पर बातचीत में कहा कि अब तक इस मुद्दे पर कोई चर्चा नहीं हुई है। उन्होंने कहा कि आज होने वाली बैठक में इस मामले पर चर्चा होने की संभावना है। उन्होंने जद (यू) के साथ गठबंधन से अलग होने की बात को टालते हुए कहा कि भाजपा के नेता इस मसले पर आज विचार करेंगे।
सूत्रों के अनुसार बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार चाहते हैं कि राज्य में नवंबर महीने में होने वाले विधानसभा चुनाव में भाजपा के नरेन्द्र मोदी और वरूण गांधी राज्य में प्रचार करने नहीं आए। यह भाजपा के लिए गंभीर समस्या है कि वे अपने स्टार प्रचारक को प्रचार से अलग कैसे रखे।
उल्लेखनीय है कि मुख्यमंत्री ने बिहार में बाढ़ पीडितों के लिए गुजरात से आई सहायता राशि को लौटा दिया था और इसके बाद चौदह वर्ष पूर्व बने इस गठबंधन में गांठ बढ़ती चली गई। इधर, बाढ़ प्रभावित इलाके के लोग बाढ़ सहायता राशि वापस किये जाने से नाराज हैं। लोगों का कहना है कि बाढ़ सहायता राशि पर राजनीति नहीं करनी चाहिए। राजनीति विश्लेषकों का मानना है कि नीतीश कुमार मुसलमान मतदाताओं को अपनी ओर आकर्षित करने के लिए भाजपा से दूरी दिखाने चाहते हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications