कोलकाता: ट्रेन हादसे में तीसरी गिरफ्तारी

पुलिस संत्रास विरोधी जनसाधारण समिति (पीसीएपीए) की आतंकी शाखा 'सिधू कान्हू गानो मिलिशिया' के सदस्य हीरालाल महतो को झारग्राम के निकट रुसुआ गांव से गिरफ्तार किया गया। केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) की ओर से इस मामले में की गई यह पहली गिरफ्तारी है।
इससे पहले पुलिस की अपराध जांच विभाग (सीआईडी) ने पीसीएपीए के दो सदस्यों समीर महतो और खागेन महतो को गिरफ्तार किया था। इन दोनों को अदालत में पेश किया गया था और फिर इन्हें 17 जून तक सीबीआई हिरासत में भेज दिया गया था। सीबीआई के एक प्रवक्ता ने बताया, "हीरालाल को गिरफ्तार किया गया है और उसे झारग्राम की अदालत में पेश किया जाएगा।"
गौरतलब है कि विगत 28 मई को ज्ञानेश्वरी एक्सप्रेस पटरी से उतर गई थी और इसके पांच डिब्बे एक मालगाड़ी से टकरा गए थे। इस घटना में 148 यात्री मारे गए थे। नक्सलियों ने इस घटना में अपना हाथ होने से इंकार कर दिया था।












Click it and Unblock the Notifications