स्वस्थ नींद बढ़ा सकती है सीखने की क्षमता
टोरंटो, 9 जून (आईएएनएस)। स्वस्थ नींद आपके सीखने की क्षमता सुधार सकती है और आपको सीखने के लिहाज से एक कठिन काम गिटार बजाने में हीरो बना सकती है।
दरअसल, गिटार हीरो एक संगीतमय वीडियो गेम की श्रृंखला है जो 2005 में रेड आक्टेन के द्वारा प्रकाशित और एक्टीविजन के द्वारा वितरित की गई थी। इसमें खिलाड़ी गिटार के आकार जैसे एक यंत्र का प्रयोग कर गिटार के लय को सीखते हैं।
अध्ययन के परिणाम गिटार हीरो-तीन में इस बात की ओर संकेत करते हैं कि रात की नींद के बाद गिटार सीखने की क्षमता बराबर मात्रा में दिन भर जागने के बाद सीखने की क्षमता से बेहतर थी।
सामान्य रूप से सीखने वालों ने लगभग 61 प्रतिशत नोट सही बजाए लेकिन जागने के बाद प्रतिभागियों की सीखने की क्षमता 63 प्रतिशत तक बढ़ी, जबकि सोने के बाद उनकी क्षमता 68 प्रतिशत तक बढ़ गई।
अध्ययन में सोने की अवधि और सीखने की क्षमता में सुधार में सीधा संबंध पाया गया।
मुख्य अनुसंधानकर्ता केविन पीटर्स ने कहा कि अध्ययन के यह परिणाम सीखने की क्षमता और नींद में सीधा और महत्वपूर्ण संबंध स्थापित करते हैं। पीटर्स कनाडा के ट्रेंट यूनिवर्सिटी में मनोविज्ञान के सह व्याख्याता हैं।
पीटर्स ने कहा कि नींद और सीखने का यह संबंध उन अधिक कठिन मामलों में भी मदद कर सकता है, जिससे लोग रोज सामना करते हैं।
पीटर्स और उनकी टीम ने कालेज के छात्र और छात्राओं का अध्ययन किया। लगभग बीस वर्ष की उम्र के इन प्रतिभागियों ने जागने और सोने के दोनों सेशन में भाग लिया, जिसमें एक सप्ताह का अंतर रखा गया था।
दोनों ही परिस्थितियों में प्रतिभागियों ने गिटार हीरो-तीन के दो गीतों में से एक को तब तक बजाया, जब तक उनके सही होने का प्रतिशत 50 से 75 तक नहीं पहुंच गया।
बारह घंटे के बाद दोबारा हुए परीक्षण में प्रतिभागियों ने वही गीत दो बार बजाया। उनके सोने की अवधि को एक्टीग्राफी से मापा गया।
एक्टीविजन पब्लिशिंग इंक के अनुसार 2009 में गिटार हीरो अमेरिका और यूरोप में किसी भी वीडियो गेम प्लेटफार्म पर सबसे ज्यादा बिकने वाले शीर्ष पांच गेम्स में से एक था।
कंपनी के अनुसार गिटार हीरो के मूल संस्करण के 2005 में आने के बाद से अब तक विश्वभर के 3.8 लाख से अधिक उपभोक्ताओं ने इस खेल को खरीदा है।
ट्रेंट यूनिवर्सिटी से जारी एक विज्ञप्ति में पीटर्स ने कहा कि वह नींद और सीखने की क्षमता में संबंध के अध्ययन के लिए इस खेल का प्रयोग करते रहने का इरादा रखते हैं।
इस अध्ययन को एसोसिएटेड प्रोफेशनल स्लीप सोसाइटीज के 24वें वार्षिक समारोह में रखा गया। स्लीप 2010 नाम से यह कार्यक्रम टेक्सस के सेन एंटोनियो में बुधवार को हुआ।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications