ज्ञानेश्वरी एक्सप्रेस हादसे की जांच सीबीआई के हवाले
सीबीआई के प्रवक्ता हर्ष भल ने आईएएनएस को बताया, "राज्य सरकार ने मामला सीबीआई को सौंप दिया है। लेकिन समूची प्रक्रिया पूरी होने में कुछ वक्त लगेगा, क्योंकि हमें कानूनी तौर पर पुख्ता सबूत जुटाने होंगे।"
राज्य के पुलिस महानिदेशक भूपिंदर सिंह ने बताया कि मामला सुपुर्द करने की प्रक्रिया राज्य के अपराध जांच विभाग (सीआईडी) के मुख्यालय भवानी भवन में पूरी हुई।
मुंबई जा रही ज्ञानेश्वरी एक्सप्रेस 28 मई को मिदनापुर जिले के झारग्राम शहर के नजदीक संदिग्ध नक्सलियों की तोड़फोड़ के कारण पटरी से उतर गई थी। दूसरी पटरी पर गिरे उसके पांच कोचों को तेज गति से आ रही एक मालगाड़ी ने रौंद दिया था, जिसमें 148 लोगों की मौत हो गई।
दुर्घटना के बाद राज्य सरकार ने सीआईडी को इसकी जांच करने को कहा था।
रेलमंत्री ममता बनर्जी की मांग पर हालांकि केंद्र सरकार ने सीबीआई को जांच का आदेश दिया था।
सिंह ने कहा, "केस डायरी, जब्ती सूची और मामले संबंधी दस्तावेज सबीआई अधिकारियों को सौंपे जा चुके हैं। उन्होंने सीआईडी से जांच में सहयोग देने का आग्रह किया है।"
इससे पहले सीबीआई के दो वरिष्ठ आधिकारी- कोलकाता विशेष अपराध शाखा के अधीक्षक अरुण बोथरा व संयुक्त निदेशक केशव कुमार राव ने राज्य सचिवालय में मुख्य सचिव, गृह सचिव व पुलिस प्रमुख से मुलाकात की और मामले की सुपुर्दगी की वैधानिक प्रक्रिया के बारे में विमर्श किया।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications