कौन चुरा रहा है दिल्ली के फूल और टाइल्स?
राजीव रंजन द्विवेदी
नई दिल्ली, 10 जून (आईएएनएस)। कुछ लोग राष्ट्रमंडल खेलों के लिए दिल्ली के सौंदर्यीकरण की योजना को सफल नहीं होने दे रहे हैं। वे फूल, खूबसूरत पौधे, टाइल्स और स्ट्रील लाइट तक चुराकर सरकार को यह अपील करने के लिए बाध्य कर दिया है कि 'इन चीजों को न चुराएं'।
अक्टूबर में होने वाले राष्ट्रमंडल खेलों के महत्वपूर्ण आयोजन के लिए शहर में उन्नतीकरण व सौंदर्यीकरण की विभिन्न परियोजनाओं पर कार्य कर रहे दिल्ली के लोक निर्माण विभाग को पौधरोपण और स्ट्रीट लाइटों की व्यवस्था में काफी मशक्कत करनी पड़ रही है।
लोक निर्माण मंत्री राजकुमार चौहान ने आईएएनएस को बताया, "शहर के सौंदर्यीकरण के लिए कीमती टाइल्स और फूलों को लगाने में उसके चोरी होने की आशंका है। हम लोगों से आग्रह कर रहे हैं कि वे इन चीजों को न चुराएं, यह उनके और शहर के लिए शर्मिदगी की बात है।"
उल्लेखनीय है कि मुख्यमंत्री शीला दीक्षित खेल संबंधी परियोजनाओं के पूरा होने में हो रही देरी के कारण लोक निर्माण विभाग, दिल्ली नगर निगम एवं अन्य एजेंसियों से नाराज चल रही हैं।
एक अधिकारी ने बताया कि वैसे तो पुलिस इस पर टिप्पण्ी देने से इंकार कर रही है, लेकिन सरकार को जानकारी मिली है कि अफ्रीका एवेन्यू, अगस्त क्रांति मार्ग और सीरी फोर्ट रोड जैसी व्यस्त सड़कों के किनारे लगाए जा रहे कीमती पौधों और टाइल्स को लोग उखाड़ कर ले जा रहे हैं।
अधिकारी के अनुसार तीन से 14 अक्टूबर तक होने वाले राष्ट्रमंडल खेलों के मद्देनजर शहर के मुख्य सड़कों पर लगाई गई स्ट्रीट लाइटों के चोरी होने के सबूत भी मिले हैं।
शहर में स्ट्रीट लाइट लगाने के कार्य 471 किलोमीटर की केंद्रीय हरित पट्टी में चल रहे हैं, जबकि सड़कों के किनारे पेड़-पौधे लगाने के कार्य 275 किलोमीटर दायरे में चल रहे हैं।
उल्लेखनीय है कि घरेलू कलाकारों व कंसल्टेंटों की मदद से फ्लाइओवरों के सौंदर्यीकरण का कार्य भी जोरों पर है। योजना के तहत दिल्ली सरकार ने नारायणा, आजादपुर और रिंगरोड सहित 40 फ्लाईओवरों पर लगाने के लिए कीमती पौधे व अंतर्राष्ट्रीय मानदंड की टाइल्स खरीदी हैं।
सरकार 66 फुटओवर ब्रिज को विशेष आकार देने पर करोड़ों रुपये खर्च कर रही है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications