गोवा में अंतर्राष्ट्रीय हवाईअड्डा निर्माण को मंजूरी
प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह की अध्यक्षता में हुई मंत्रिमंडल की एक बैठक में यह फैसला लिया गया। फैसले की जानकारी देते हुए सूचना एवं प्रसारण मंत्री अंबिका सोनी ने कहा, "केंद्रीय मंत्रिमंडल ने आज उत्तरी गोवा के मोपा में एक नए ग्रीनफील्ड अंतर्राष्ट्रीय हवाईअड्डे के निर्माण के प्रस्ताव को मंजूरी दे दी है।"
उन्होंने कहा, "मोपा के इस नए हवाईअड्डे का निर्माण, निर्माण-स्वामित्व-संचालन-हस्तांतरण (बीओओटी) अधार पर किया जाएगा। इसके लिए वैश्विक टेंडर के जरिए निजी समूहों का चुनाव किया जाएगा।"
इसके अलावा मंत्रिमंडल ने गोवा के दावोलिम में चल रहे हवाईअड्डे से भी व्यावसायिक गतिविधियां जारी रखने का फैसला किया है, इससे पहले हुए फैसले में मंत्रिमंडल ने मोपा हवाईअड्डा शुरू होने पर यहां से व्यावसायिक उड़ाने बंद करने का निर्णय लिया था।
सोनी ने कहा, "दावोलिम हवाईअड्डे के चालू रहने से गोवा में हवाई सेवाओं को और अधिक कुशलतापूर्वक संचालित करने में मदद मिलेगी और प्रदेश के सभी क्षेत्रों का समान विकास होगा। "
जब उनसे पूछा गया कि रक्षा मंत्रालय ने दावोलिम हवाई अड्डे से नागरिक विमानन बंद करने की मांग की थी तो सोनी ने कहा, "इस फैसले के दौरान रक्षा मंत्रालय का पक्ष भी शामिल किया गया था।"
दावोलिम भारतीय नौसेना का हवाईअड्डा है जहां आईएनएस विराट पर काम करने वाले लड़ाकू विमानों को उतारा जाता है। यहां एडमिरल गोर्शकोव (आईएनएस विक्रमादित्य) पर तैनात होने वाले मिग-29 विमानों को भी रखा गया है।
दावोलिम गोवा की राजधानी पणजी से 35 किलोमीटर दूर स्थित है और मोपा पणजी से 40 किलोमीटर दूर स्थित है।
इससे पहले सरकार 150 किलोमीटर से कम दूरी पर दो हवाई अड्डों के निर्माण की अनुमति नहीं देती थी।
इस सवाल पर सोनी ने कहा, "इससे सरकार की नीति में कोई परिवर्तन नहीं हुआ है।"
सरकार राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली से 65 किलोमीटर दूर स्थित ग्रेटर नोएडा के जेवर में हवाई अड्डे के निर्माण के प्रस्ताव पर अभी विचार कर रही है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications