बिहार के व्यवसायी की हत्या का आरोपी गिरफ्तार
बिहार के समस्तीपुर जिले में व्यवसायी कुंदन यादव की गत 29 अप्रैल को रजनीश राय ने अपने पांच साथियों के साथ मिलकर कथित तौर पर रेलवे ठेकेदारी के वर्चस्व को लेकर सैकड़ों लोगों की मौजूदगी में हत्या कर दी थी। बाद में वहां से भागकर चोरी छुपे उत्तर प्रदेश में रह रहा था।
उत्तर प्रदेश के अपर पुलिस महानिदेशक(कानून-व्यवस्था) बृजलाल ने गुरुवार को लखनऊ में संवाददाताओं को बताया कि गुप्त सूचना के आधार पर बुधवार देर रात एसटीएफ ने प्रतापगढ़ के सब्जी मंडी इलाके से रजनीश राय, शंभू पासवान और राजनाथ साहनी को गिरफ्तार किया। इस दौरान बिहार पुलिस की एक टीम भी साथ मौजूद थी।
एसटीएफ अधिकारियों के मुताबिक तीनों अभियुक्तों ने व्यवसायी की हत्या की बात कबूल कर ली है। तीनों के खिलाफ बिहार के विभिन्न जिलों में हत्या, अपहरण, डकैती और लूट के दर्जनों मामले दर्ज हैं।
बृजलाल ने बताया कि राय की गिरफ्तारी के संबंध में बिहार पुलिस ने हमसे सहयोग मांगा था। पड़ताल के बाद एसटीएफ को जानकारी मिली कि राय दो साथियों के साथ प्रतापगढ़ में अपने किसी जानकार के यहां रह रहा है, जिसके बाद कार्रवाई की गई।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications