राष्ट्र से माफी मांगे कांग्रेस : भाजपा (लीड-1)
भाजपा ने कहा कि त्रासदी के संदर्भ में आए निराशाजनक अदालती फैसले के लिए तत्कालीन प्रधानमंत्री स्व़ राजीव गांधी के नेतृत्व वाली केन्द्र सरकार एवं तत्कालीन मुख्यमंत्री अर्जुन सिंह के नेतृत्व वाली मध्य प्रदेश सरकार जिम्मेदार है।
पार्टी प्रवक्ता प्रकाश जावड़ेकर ने कहा, "यह बात अब साफ हो गई है कि कांग्रेस की दोनों सरकारों ने पीड़ितों को न्याय दिलाने के बजाय आरोपियों को मदद करने का ही काम किया था।"
उन्होंने कहा कि कांग्रेस को क्षमा मांगनी चाहिए और एंडरसन को न्याय के कटघरे में खड़ा करने के लिए अमेरिका के समक्ष राजनीतिक इच्छा प्रदíशत करनी चाहिए।
जावड़ेकर ने कहा, "भोपाल के तत्कालीन जिलाधिकारी मोती सिंह ने बुधवार को कहा था कि तत्कालीन मुख्य सचिव ब्रह्मस्वरूप के आदेश पर एंडरसन को गिरफ्तार करने के दो घंटे के भीतर 25 हजार रुपये के मुचलके पर छोड़ा गया था। इतना ही नहीं एंडरसन को एक सरकारी विमान से तुरंत दिल्ली भेज दिया गया।"
उन्होंने कहा कि सरकारी विमान मुख्यमंत्री की अनुमति के बिना किसी को सुलभ नहीं कराया जा सकता। साथ ही नियमों के अनुसार उस हवाई जहाज पर किसी न किसी एक मंत्री या वरिष्ठ अधिकारी का साथ रहना जरूरी होता है।
उन्होंने कहा कि उनकी पार्टी मांग करती है कि एंडरसन को दिल्ली लाने वाले विमान में उसके साथ सवार मंत्री के नाम का खुलासा किया जाए। तत्कालीन प्रधानमंत्री स्व़ राजीव गांधी की सहमति के बिना इतना बड़ा कदम कोई नहीं उठा सकता था।
कांग्रेस पर त्रासदी के लिए जिम्मेदार कंपनी यूनियन कार्बाइड को सहयोग देने का आरोप लगाते हुए जावड़ेकर ने पूछा कि दो अरब डॉलर मुआवजा मांगने के बाद 30 करोड़ डॉलर के मुआवजे पर अदालत के बाहर समझौता क्यों किया गया।
उन्होंने कहा कि यूनियन कार्बाइड के नए संस्करण डाउ कैमिकल को भारत में निवेश की इजाजत देने के ममाले में केंद्रीय मंत्री कमल नाथ ने वकालत क्यों और कैसे की?
उन्होंने कहा कि इस मामले में आए फैसले के बाद भी अमेरिकी कंपनी ने ज्यादा मुआवजा देने से साफ इंकार किया है।
उन्होंने कहा कि इस त्रासदी से सबक लेने के बजाय सरकार परमाणु दायित्व विधेयक के प्रावधानों को सख्त करने के बजाय नरम कर रही है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications