निजी यात्रा पर शिमला पहुंचे राजपक्षे
राष्ट्रपति राजपक्षे यहां डेढ़ दिन रुकेंगे। राज्य के स्वास्थ्य मंत्री राजीव बिंदल ने आईएएनएस को बताया, "राजपक्षे अपनी पत्नी के साथ गुरुवार सुबह यहां पहुंचे। यह उनका निजी दौरा है।"
राजपक्षे यहां ओबरॉय समूह के होटल 'वाइल्डफ्लावर हॉल' में ठहरे हैं। बिंडल ने कहा, "राजपक्षे गुरुवार शाम राज्यपाल उर्मिला सिंह द्वारा आयोजित एक स्वागत समारोह में शिरकत करेंगे। इस समारोह के दौरान बार्न्स कोर्ट (राजभवन) में राज्य के मुख्यमंत्री प्रेम कुमार धूमल भी मौजूद रहेंगे।"
राज्य सरकार के एक अधिकारी अजय भंडारी ने बताया कि राजपक्षे अपना ज्यादातर समय ब्रिटिशकाल में बनी भव्य इमारतों में बिताएंगे। उन्होंने कहा, "वाइल्डफ्लावर होटल और बार्न्स कोर्ट शिमला के दो ऐतिहासिक स्थल हैं।"
उल्लेखनीय है कि बार्न्स कोर्ट में ही भारत और पाकिस्तान के बीच वर्ष 1971 के युद्ध के बाद शिमला समझौता हुआ था। अब यह राज्यपाल का आवास है।
इसी तरह वाइल्डफ्लावर हॉल का भी अपना ऐतिहासिक महत्व है। ब्रिटिश काल में यह ब्रिटेन की सेना के प्रमुख कमांडर का आवास हुआ करता था। बाद में इसे एक भव्य होटल के रूप में विकसित कर दिया गया।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications