नाटो काफिले पर हमले में 8 मरे, 6 गिरफ्तार (लीड-2)
स्थानीय समाचार पत्र 'द न्यूज' के अनुसार बुधवार को इस हमले के सिलसिले में टारनोल थाने में मामला दर्ज किया गया। इस मामले में अज्ञात लोगों को हत्या, हत्या के प्रयास और आतंकवाद का आरोपी बनाया गया है। अधिकारियों ने बताया कि मोटरसाइकिलों पर सवार 10 से 12 हमलावरों ने इस्लामाबाद के बाहरी इलाके में एक डिपो पर मंगलवार देर रात लगभग 50 ट्रकों और टैंकरों को आग लगा दी और अंधाधुंध गोलीबारी भी की।
पुलिस ने टारनोल इलाके से ही इस मामले में कम से कम छह लोगों को गिरफ्तार किया है। अधिकारियों ने बताया कि हमले में आठ लोग मारे गए और छह घायल हो गए। इससे पहले समाचार एजेंसी डीपीए ने इस्लामाबाद के पुलिस प्रमुख कलीम इमाम के हवाले से मरने वालों की संख्या सात बताई थी। मारे गए लोगों में ज्यादातर ट्रक चालक थे जो हमले के समय सो रहे थे।
इमाम ने कहा, "पुलिस यह पता लगाने के प्रयास में है कि नाटो के कितने ट्रकों को आग लगाई गई है। हम इस आतंकवादी हमले की जांच कर रहे हैं। डिपो में नाटो के ट्रकों की मौजूदगी के बारे में हमें कोई जानकारी नहीं थी।"
एक प्रत्यक्षदर्शी अल्लाह यार ने कहा, "मैंने सोते वक्त गोलीबारी की आवाज सुनी। मैं नीचे उतरा और देखा कि कुछ हमलावर गोलीबारी कर रहे थे तो कुछ ट्रकों पर पेट्रोल डाल रहे थे। सब लोग अपनी जान बचाने के लिए भाग रहे थे।"
किसी भी संगठन ने अब तक इस हमले की जिम्मेदारी नहीं ली है। पाकिस्तान के आतंरिक मामलों के मंत्री रहमान मलिक ने इस घटना की आधिकारिक जांच के आदेश दिए हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications