ईरान पर लग सकते हैं और प्रतिबंध

संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद में ईरान पर नए प्रतिबंध लगाने के प्रस्ताव पर सहमति बन गई है. इस मुद्दे पर बुधवार तक मतदान हो सकता है.
ये प्रतिबंध ईरान के परमाणु कार्यक्रम को ध्यान में रखकर लगाए जाने वाले हैं. अगर ये प्रस्ताव पारित हो गया तो ईरान पर वित्तीय प्रतिबंध और कठोर हो जाएंगे, हथियारों पर लगी रोक और बढ़ जाएगी और साथ ही वहां जाने वाले जहाज़ों की जांच कड़ी कर दी जाएगी.
बीबीसी की संयुक्त राष्ट्र संवाददाता का कहना है कि इस प्रस्ताव को कई देश समर्थन नहीं कर सकते हैं लेकिन इन देशों में से किसी के पास भी वीटो का अधिकार नहीं है. तुर्की और ब्राज़ील जैसे देश कहते रहे हैं कि ईरान पर नए प्रतिबंध उलटे साबित हो सकते हैं.
इन देशों ने पिछले दिनों परमाणु ईंधन की अदला बदली के मुद्दे पर ईरान से बातचीत की थी और उनका कहना है कि यह बातचीत कूटनीति के लिए एक और मौक़ा देती है.
उल्लेखनीय है कि ईरान पर पहले ही प्रतिबंध लगाए जा चुके हैं लेकिन इसके बाद भी ईरान साफ़ कहता रहा है कि वो अपना परमाणु कार्यक्रम बंद नहीं करेगा.
इस मुद्दे पर पश्चिमी देशों के साथ ईरान की कई दौर की बातचीत हुई है. इस मामले में अमरीका ईरान पर प्रतिबंधों की हिमायत करता रहा है जबकि चीन प्रतिबंधों का विरोध करता रहा है.












Click it and Unblock the Notifications