राष्ट्रमंडल खेलों के समारोह में मुझे नहीं बुलाया गया : शीला दीक्षित
नई दिल्ली, 4 जून (आईएएनएस)। राष्ट्रमंडल खेलों के टिकट जारी करने के लिए शुक्रवार को आयोजित एक महत्वपूर्ण समारोह विवादों के बीच खत्म हुआ। इस समारोह की जानकारी दिल्ली की मुख्यमंत्री शीला दीक्षित को नहीं दी गई।
दीक्षित ने पत्रकारों से कहा, "मैं नहीं जानती। मुझे इस समारोह के बारे में नहीं बताया गया। मुझे तो इसके बारे में आप से ही से जानकारी मिल रही है।"
19वें राष्ट्रमंडल खेलों के टिकट शुक्रवार को बिक्री के लिए जारी किए गए।
इस वर्ष अक्टूबर में होने वाले राष्ट्रमंडल खेलों से पहले टिकट जारी करने के लिए आयोजित समारोह को काफी महत्वपूर्ण माना जा रहा है। मुख्यमंत्री राष्ट्रमंडल खेलों के मद्देनजर शहर के सौंदर्यीकरण को अंतिम रूप देने में व्यस्त हैं, इसलिए अतिथियों की सूची में उनका नाम न होना अप्रत्याशित माना जा रहा है।
यह पूछे जाने पर कि क्या यह माना जाए कि राष्ट्रमंडल खेलों की आयोजन समिति (सीजीओसी) ने आपका अपमान किया है, दीक्षित ने कहा, "मैं इसे अपमान नहीं मानती। इससे मेरे कार्यो में कोई अंतर नहीं आएगा। मैं शहर के लिए अपना दायित्व पूरा कर रही हूं।"
इस बीच अयोजन समिति के अधिकारी ने आईएएनएस को बताया कि लेफ्टिनेंट गवर्नर एवं महापौर को इसलिए बुलाया गया, क्योंकि वे दिल्ली के प्रथम नागरिकों में शामिल हैं। उन्होंने कहा, "मुख्यमंत्री को नहीं बुलाए जाने की कोई खास वजह नहीं है।"
हालांकि आयोजन समिति द्वारा फरवरी में आयोजित उस समारोह में दीक्षित पहुंची थीं, जिसमें राष्ट्रमंडल खेलों के लिए पर्यावरणीय संकेत (इकोलॉजिकल कोड) जारी किया गया था।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications