यूपी के बिजली केंद्र में भीषण आग, बिजली गुल
चंदौली। बला की गर्मी और बिजली कटौती से आजिज आए उत्तर प्रदेश वालों के लिए एक और बुरी खबर है। राज्य के चंदौली जिले में स्थित साहूपुरी विद्युत उपकेंद्र में गुरुवार सुबह भीषण आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। आग के चलते वाराणसी और चंदौली में कई जगहों पर बिजली की आपूर्ति बंद हो गई है।
बिजली यूनिट में आग गुरुवार की सुबह लगभग साढ़े सात लगी। पुलिस ने बताया "आग काफी भीषण है, जिसे देखते हुए आस-पास के जिलों से दमकल विभाग की गाड़ियां बुलाई गई हैं।" पुलिस के मुताबिक फिलहाल आठ गाड़ियां आग बुझाने के काम में लगी हुई हैं। आग पर जल्द ही पूरी तरह से काबू पा लिया जाएगा।
अभी तक इस घटना में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है। फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है। घटना की जांच की जा रही है। मालूम हो कि मुगलसराय इलाके में स्थित साहूपुरी विद्युत उप केंद्र से चंदौली के साथ-साथ वाराणसी के कई इलाकों में विद्युत आपूर्ति होती थी। इसलिए इन इलाकों में कुछ दिनों तक बिजली आपूर्ति की समस्या गहरानी तय है।













Click it and Unblock the Notifications