ऑस्ट्रिया में 60 फीसदी वयस्क करते हैं धूम्रपान
ग्रेज विश्विद्यालय अस्पताल के फेफड़े संबंधी विभाग के निदेशक हर्स्ट ओल्चेवस्की ने बताया कि ऑस्ट्रेलिया में 20 से 50 वर्ष की उम्र के 60 प्रतिशत यानि करीब 25 लाख लोग नियमित या विभिन्न अवसरों पर धूम्रपान करते हैं।
31 मई को विश्व तंबाकू निषेध दिवस से पहले रेस्टोरेंट्स में धूम्रपान पर प्रतिबंध लगाने की मांग करते हुए ओल्चेवस्की कहते हैं, "यह एक वर्ल्ड रिकॉर्ड है।"
उन्होंने कहा कि 15 साल तक की उम्र के 24 प्रतिशत लड़के और 30 प्रतिशत लड़कियां सिगरेट पीती हैं।
ऑस्ट्रिया के फेफड़ा विशेषज्ञों के संगठन के पूर्व अध्यक्ष ओट्टो बर्गहबर कहते हैं कि 15 से 20 साल के आयु समूह के 41 फीसदी लोग नियमित और 8 फीसदी लोग समय-समय पर धूम्रपान करते हैं।
ऑस्ट्रिया में 2009 की शुरुआत से रेस्टोरेंट्स में धूम्रपान करने पर रोक लगी है। 50 मीटर के व्यापारिक स्थान वाले सभी रेस्टोरेंट धूम्रपान वर्जित क्षेत्र घोषित किए गए हैं।
तंबाकू विरोधी संगठन सभी तरह के रेस्टोरेंट्स में धूम्रपान पर प्रतिबंध की मांग कर रहे हैं।
कुछ संगठन तंबाकू उत्पादों के निर्माताओं पर भारी कर लगाकर इस राशि का उपयोग पीड़ित मरीजों के इलाज पर करने की मांग कर रहे हैं।
विशेषज्ञों के मुताबिक धूम्रपान के खिलाफ यह लड़ाई इतनी आसान नहीं है क्योंकि हाल ही में किए गए एक सर्वे से पता चला है कि केवल 19 फीसदी लोग ही रेस्टोरेंट्स में धूम्रपान पर रोक लगाने की मांग का समर्थन करते हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications