बढ़ रहा है पुरुषों के फेयरनेस उत्पादों का बाजार

नई दिल्ली, 25 मई (आईएएनएस)। यद्यपि भारत में हमेशा से काले भगवानों की पूजा की जाती रही है लेकिन आधुनिक भारतीय पुरुष गोरे रंग के दिखना चाहते हैं और इसके लिए वे फेयरनेस क्रीम्स और कैमिकल पील्स को अपना रहे हैं। यही वजह है कि अब पुरुषों के फेयरनेस उत्पादों का बाजार तेजी से बढ़ रहा है।

भारतीय पुरुषों में गोरी त्वचा के लिए बढ़ते आकर्षण पर अपोलो अस्पताल के वरिष्ठ कॉस्मेटिक शल्य चिकित्सक अनूप धीर ने आईएएनएस से कहा, "मेरे पास हर महीने करीब 8-19 मामले ऐसे आते हैं जिनमें पुरुष अपनी त्वचा का रंग निखारना और गोरे दिखना चाहते हैं।"

कृष्ण और राम जैसे श्याम रंग के देवता भारतीय मानस में गहराई तक व्याप्त हैं लेकिन फिर भी इस देश में त्वचा के रंग को लेकर हमेशा से पूर्वाग्रह रहा है।

अब पुरुषों ने भी उनके रूप को निखारने के लिए पार्लर्स का रुख करना शुरू कर दिया है। वे खूबसूरत दिखने के लिए हर पहलू पर ध्यान देने लगे हैं और यही वजह है कि वे फेयरनेस उत्पादों को अपनाने लगे हैं।

मनोचिकित्सक संजय चुग ने आईएएनएस से कहा, "फेयरनेस क्रीम्स खरीदना या नियमित अंतराल पर महिलाओं की तरह ही पुरुषों का मसाज, फेशियल्स, मेनिक्योर और पेडिक्योर कराना इस बात का संकेत है कि आधुनिक पुरुष खुद की कितनी देखभाल करते हैं।"

सौंदर्य प्रसाधन बनाने वाली विभिन्न ब्रांड्स ने पुरुषों के लिए फेयरनेस क्रीम्स पेश की हैं और शाहरुख खान, शाहिद कपूर, जॉन अब्राहम जैसी बॉलीवुड हस्तियां इनका प्रचार कर रही हैं।

शायद पुरुषों के लिए सबसे पहली फेयरनेस क्रीम इमामी ने पेश की थी। इमामी ने 2005 में 'फेयर एंड हेंडसम' क्रीम पेश की। इसके दो साल बाद इस कंपनी ने अभिनेता शाहरुख खान को इस क्रीम के लिए ब्रांड एम्बेस्डर बना लिया।

इसके बाद एचयूएल ने 2006 में 'फेयर एंड लवली मेंज एक्टिव' पेश की। इसके कुछ समय बाद ही 'नीविया फॉर मेन व्हाइटनिंग मोइस्चराइजर' और 'नीविया फॉर मेन मल्टी-व्हाइट व्हाइटनिंग फेशियल फोम' जैसी क्रीम्स आईं। इसी साल अभिनेता अनुज सक्सेना की कंपनी 'एल्डर हेल्थकेयर' ने 'फेयर वन मैन क्रीम' पेश की।

वर्ष 2009 में सौंदर्य प्रसाधन ब्रांड गार्नियर इंडिया ने पुरुषों की त्वचा की देखभाल के लिए 'मेंस पॉवरलाइट रेंज' पेश की। इसमें फेयरनेस क्रीम के साथ फेसवॉश और मोइस्चराइजर भी शामिल हैं। गार्नियर की विपणन प्रबंधक ऋचा सिंह मानती हैं कि भारतीय पुरुषों में खूबसूरत दिखने की चाहत बढ़ रही है।

एक रिपोर्ट के मुताबिक पुरुषों के फेयरनेस उत्पादों का बाजार अनुमानत: 175 करोड़ का है और इसमें 25 फीसदी की दर से वृद्धि हो रही है जबकि महिलाओं के फेयरनेस बाजार में केवल सात से आठ फीसदी की दर से वृद्धि हो रही है।

इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।

Notifications
Settings
Clear Notifications
Notifications
Use the toggle to switch on notifications
  • Block for 8 hours
  • Block for 12 hours
  • Block for 24 hours
  • Don't block
Gender
Select your Gender
  • Male
  • Female
  • Others
Age
Select your Age Range
  • Under 18
  • 18 to 25
  • 26 to 35
  • 36 to 45
  • 45 to 55
  • 55+