हिमाचल के लिए 441 करोड़ रुपये की जैविक खाद योजना स्वीकृत
यह जानकारी मुख्यमंत्री प्रो़ प्रेम कुमार धूमल ने शनिवार को बिलासपुर जिले के तल्याणा में एक जनसभा को संबोधित करते हुए दी। इससे पूर्व, उन्होंने 529़ 43 लाख रुपये की लागत से निर्मित होने वाली महत्वाकांक्षी पीर भ्याणु उठाऊ पेयजल आपूर्ति योजना को भी क्षेत्र के लोगों को समर्पित की। इस योजना से क्षेत्र के 24 गांवों सहित 50 बस्तियों के लगभग 15 हजार लोगों को प्रतिदिन प्रति व्यक्ति 70 लीटर पेयजल उपलब्ध होगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि रासायनिक खादों के उपयोग से स्वास्थ्य पर पड़ने वाले विपरीत असर के कारण लोग अब जैविक खाद से तैयार उत्पादों को अपनाने लगे हैं। उन्होंने कहा कि जापान सरकार के वित्तीय सहयोग से कार्यान्वित योजनाओं से कृषि क्षेत्र और सुदृढ़ होगा और ग्रामीण युवाओं को रोजगार व स्वरोजगार के अवसर उपलब्ध होंगे। जैविक खेती उपभोक्ताओं में तेजी से लोकप्रिय हो रही है, जिसे प्रोत्साहित करने की आवश्यकता है ताकि किसानों को उनके उत्पाद के अच्छे दाम मिल सकें।
धूमल ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में दुग्ध उत्पादन गतिविधियों को बढ़ावा देने के लिए 300 करोड़ रुपये की दूध गंगा परियोजना के लाभार्थियों को 3 लाख रुपये तक के आसान ऋण उपलब्ध करवाए जा रहे हैं। इस योजना के तहत 10 हजार स्वसहायता समूहों के 50 हजार सदस्यों, विशेषकर महिला स्वसहायता समूहों को लाभान्वित करने का लक्ष्य रखा गया है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications