मैंगलोर विमान हादसा : अच्युतानंदन ने हर संभव मदद की पेशकश की
विमान हादसे और उसमें बड़ी संख्या में मलयाली लोगों के मारे जाने की सूचना मिलते ही अच्युतानंदन अपने मंत्रिमंडल के तीन सहयोगियों, केरल के गृह मंत्री कोदियारी बालकृष्णन, स्वास्थ्य मंत्री पी.के.श्रीमथी,देवासम मंत्री कदन्नापिल्ली रामचंद्रन तथा कासरगोड के सांसद पी.करुणाकरन के साथ मेंगलौर रवाना हो गए।
अच्युतानंदन ने कहा, "यह स्तब्धकारी घटना है। पीड़ितों और उनके परिजनों को राहत पहुंचाने के लिए राज्य सरकार हरसंभव मदद करेगी।"
करुणाकरन ने कहा, "यह अब तक तय नहीं हो सका है कि हादसे में कितने मलयालियों की मौत हुई है। हमारी सूचना के अनुसार उसमें कम से कम 50 यात्री केरल के थे।" उन्होंने कहा कि ज्यादातर शवों की पहचान मुमकिन नहीं है।
उन्होंने कहा कि विमान में सवार ज्यादा मलयाली कासरगोड और कन्नूर के रहने वाले हैं।
लोकसभा में मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) के उप नेता करुणाकरन ने पीड़ितों और उनके परिजनों को राहत पहुंचाने के लिए राज्य और केंद्र सरकार द्वारा किए जा रहे प्रयासों पर संतोष व्यक्त किया। उन्होंने हादसे की उच्च स्तरीय जांच कराने की भी मांग की।
दुबई से आ रहा बोइंग 737 विमान शनिवार सुबह मैंगलोर हवाई अड्डे पर दुर्घटनाग्रस्त हो गया। विमान में 160 यात्री और चालक दल के छह सदस्यों सहित 166 व्यक्ति सवार थे। दुर्घटना में 159 लोगों की मौत हो गई।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications