मैंगलोर विमान हादसा : 'बचाव कार्यो पर सीधे नजर रख रहे हैं प्रधानमंत्री'
नई दिल्ली, 22 मई (आईएएनएस)। रक्षा मंत्री ए. के. एंटनी ने शनिवार को कहा कि मैंगलोर में हुए विमान हादसे के बाद जारी राहत कार्यो की प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह सीधे निगरानी कर रहे हैं।
उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार विमान हादसे के शिकार लोगों के परिजनों को राहत पहुंचाने के लिए कर्नाटक सरकार के साथ निरंतर संपर्क बनाए हुए है।
एंटनी ने आईएएनएस को बताया, "पूरा देश स्तब्ध है। दिल्ली (केंद्र सरकार) स्तब्ध है। प्रधानमंत्री राहत और बचाव कार्र्यो की स्वयं निगरानी कर रहे हैं।"
रक्षा मंत्री ने कहा, "सरकार का सबसे पहला काम ज्यादा से ज्यादा लोगों के जीवन की रक्षा करना है। सरकार इस समय उसी पर ध्यान केंद्रित किए हुए है।"
इस घटना को देश की सबसे भीषण विमान दुर्घटना करार देते हुए एंटनी ने कहा उन्होंने रक्षा मंत्रालय को राहत कार्यो में हर संभव सहायता पहुंचाने को कहा है।
उन्होंने कहा, "शीर्ष अधिकारियों से आदेश प्राप्त करने के लिए इंतजार करने की कोई जरूरत नहीं है। मैंने उनसे कहा है कि जैसी भी मदद की जरूरत हो, उपलब्ध कराई जाए।"
उल्लेखनीय है कि दुबई से आ रहा विमान शनिवार सुबह मैंगलोर हवाई अड्डे पर दुर्घटनाग्रस्त हो गया। विमान में यात्रियों और चालक दल के सदस्यों सहित 166 व्यक्ति सवार थे। दुर्घटना में 159 लोगों की मौत हो गई।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications