नक्सलियों ने बिहार में 5 ग्रामीणों को मार डाला (लीड-1)
पटना, 22 मई (आईएएनएस)। बिहार के शिवहर जिले के श्यामपुर भट्ठा थाना क्षेत्र के एक गांव में संदिग्ध नक्सलियों ने शुक्रवार देर रात हमला कर पांच लोगों की हत्या कर दी। इस घटना के बाद पुलिस ने तीन जिलों में नक्सलियों के खिलाफ छापामारी तेज कर दी है।
राज्य के पुलिस महानिदेशक नीलमणि ने शनिवार को बताया कि घटनास्थल मोतिहारी जिले के सीमा क्षेत्र में पड़ता है। इस कारण अपर पुलिस महानिदेशक (विधि व्यवस्था) के नेतृत्व में नक्सलियों के खिलाफ तीन जिला में छापामारी अभियान चलाया जा रहा है।
इधर, शिवहर के पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार ने बताया कि मृतकों में भगवान राय, सियाराम राय मुकेश राय, मनेाहर ठाकुर और रामेश्वर ठाकुर भी शमिल हैं। इनमें भगवान, सियाराम तथा मुकेश एक ही परिवार के थे।
उन्होंने बताया कि घटनस्थल से पुलिस ने एक हस्तलिखित पर्चा भी बरामद किया है जिसमें इस घटना की जिम्मेदारी भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (माओवादी) ने ली है। पर्चे में नक्सली साथी वीरेंद्र प्रसाद की हत्या का बदला लेने की बात भी लिखी गई है।
पुलिस के अनुसार रात करीब 12 बजे 150 नक्सलियों ने रामबन बाजार क्षेत्र में धावा बोल दिया और वे अंधाधुंध गोली चलाने लगे। इसके बाद नक्सलियों ने पांच लोगों की हत्या कर दी। इस घटना में दो लोग घायल भी हुए हैं जिन्हें इलाज के लिए स्थानीय अस्पताल ले जाया गया।
नक्सलियों ने इस दौरान करीब 12 दुकानों को आग भी लगा दी। तिरहुत क्षेत्र के पुलिस उपमहानिरीक्षक (डीआईजी) पंकज दराद ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस घटनास्थल पर पहुंच गई है तथा सभी शवों को अपने कब्जे में ले लिया है। उन्होंने बताया कि सभी मृतक रामबन के ही बताये जाते हैं।
ज्ञात हो कि पिछले दिनों नक्सली वीरेंद्र प्रसाद का शव इस क्षेत्र में पाया गया था। माना जा रहा है कि नक्सलियों ने इसी के प्रतिशोध में इस घटना को अंजाम दिया।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications