मैंगलोर हादसे ने किया कम्मियों की ओर इशारा : अली
हाल ही में एयर इंडिया के बोर्ड के सदस्य बने प्रवासी व्यापारी एम.ए.यूसुफ अली ने कहा, "यह एक बड़ी त्रासदी है, खासकर खाड़ी देशों के भारतीयों के लिए। यह आंख खोलने वाली घटना है..इसने हवाई अड्डों पर आधारभूत सुविधा और अंतर्राष्ट्रीय सेवाओं में गड़बड़ियों की ओर संकेत किया है।"
एयर इंडिया की दुबई से आ रही उड़ान संख्या आईएक्स812 मैंगलोर हवाई अड्डे पर शनिवार सुबह दुर्घटनाग्रस्त हो गई। इसमें कुल 158 लोग मारे गए। विमान हवाई पट्टी से आगे निकलकर खाई में चला गया।
अली खाड़ी में हजारों भारतीयों को रोजगार देने वाली कंपनी एमके समूह के प्रबंध निदेशक हैं और उन्हें इसी महीने एयर इंडिया के बोर्ड का सदस्य बनाया गया है।
सड़क मार्ग से कोझिकोड से मैंगलोर जा रहे अली ने आईएएनएस को टेलीफोन से कहा कि बुधवार को बोर्ड की बैठक के दौरान विशेषकर खाड़ी देशों के लिए अंतर्राष्ट्रीय सेवाओं में सुधार के उपायों पर विस्तृत चर्चा हुई।
अली ने कहा कि खाड़ी देशों में रहने वाले भारतीयों के लिए यह सबसे दुखद दिन है। दुर्घटना के शिकार अधिकांश लोग अपने परिवार और बच्चों के साथ रिश्तेदारों से मिलने आ रहे थे।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications