करज़ई से मिले ब्रिटेन के प्रधानमंत्री कैमरन

इस मुला़क़ात में दोनों नेताओं ने तय किया कि वे ब्रिटेन और अफ़ग़ानिस्तान के रिश्ते को आगे ले जाएँगे. दोनों नेताओं की मुलाक़ात कैमरन के निवास चैकर्स में हुई. हामिद करज़ई वॉशिंगटन में बराक ओबामा से मिलकर लौटते हुए ब्रिटेन में रुके हैं. इससे पहले कैमरन की मुलाक़ात करज़ई से तब हुई थी जब वे विपक्ष के नेता थे.
10, डाउनिंग स्ट्रीट के अधिकारियों का कहना है कि हामिद करज़ई ने इस मुलाक़ात के लिए अनुरोध किया था. प्रधानमंत्री कार्यालय के प्रवक्ता का कहना है कि दोनों नेताओं ने करज़ई की 'बहुत सफल' वॉशिंगटन यात्रा और अफ़ग़ानिस्तान में शांति बहाली पर चर्चा हुई. प्रवक्ता ने कहा, "राष्ट्रपति करज़ई और प्रधानमंत्री कैमरन के बीच इस बात पर सहमति हुई कि दोनों देशों के बीच संबंध को और मज़बूत करना चाहिए."
बीबीसी के कूटनीतिक मामलों के संवाददाता ब्रिगेट कैंडेल का कहना है कि हामिद करज़ई ख़ुद यह समझने की कोशिश कर रहे हैं कि ब्रिटेन की नई सरकार और नए नेता के साथ उनके संबंध कैसे होंगे. पिछली लेबर सरकार के साथ करज़ई के संबंध कई बार बहुत तनावपू्र्ण भी हो गए थे और कैमरन ने भी अपने साक्षात्कारों में हामिद करज़ई के बारे में जो कुछ कहा उससे संकेत मिले थे कि वे करज़ई को लेकर बहुत उत्सुक नहीं हैं. लेकिन अपने पिछले बयानों में यह परिवर्तन दिखता है कि कैमरन ने दोहराया है कि वे एक सुरक्षित अफ़ग़ानिस्तान के निर्माण की ब्रिटेन की इच्छा के प्रति प्रतिबद्ध हैं.












Click it and Unblock the Notifications