मुइवा को दी गई अनुमति वापस ली जाए : भाजपा
नागा जनजातीय संगठनों ने मणिपुर सरकार द्वारा राज्य में मुइवा के दौरे की अनुमति न देने के निर्णय के खिलाफ आर्थिक नाकेबंदी की थी।
भाजपा का एक तीन सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल शुक्रवार को मणिपुर से वापस लौटा। इस शिष्टमंडल ने इस पूर्वोत्तर राज्य के वर्तमान हालात के लिए गृह मंत्री पी.चिदंबरम पर भी आरोप लगाया।
भाजपा प्रवक्ता प्रकाश जावड़ेकर ने कहा, "भाजपा नेशनल काउंसिल ऑफ नागालैंड (एनएससीएन-आईएम) के महासचिव टी.मुइवा के मणिपुर दौरे के लिए दी गई अनुमति को तुरंत वापस लेने की मांग करती है। केंद्र व राज्य सरकार को तत्काल कार्रवाई कर आर्थिक नाकेबंदी को समाप्त करना चाहिए था और राज्य में आपूर्ति बहाल करना चाहिए था।"
मणिपुर दौरे पर गए भाजपा के शिष्टमंडल में जावड़ेकर भी शामिल थे। उन्होंने कहा कि राज्य के हालात विस्फोटक हैं, क्योंकि केरोसीन, पेट्रोल, डीजल और जीवन रक्षक दवाओं का स्टाक समाप्त हो चला है।
चिदंबरम पर आरोप लगाते हुए भाजपा ने कहा कि मणिपुर में व्याप्त संकट के लिए केंद्र सरकार जिम्मेदार है। यह संकट इसलिए पैदा हुआ, क्योंकि केंद्र सरकार ने राज्य सरकार से मशविरा किए बगैर मुइवा को उनके पैतृक गांव के दौरे की अनुमति दे दी।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications