कपिल सिब्बल ने 'मैनिट' के 65 कर्मचारियों को निकाला
भोपाल। भोपाल स्थित मौलाना आजाद राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान (मैनिट) में योग्यता को दरकिनार कर हुई 65 कर्मचारियों की नियुक्ति को केंद्रीय मानव संसाधन मंत्रालय ने निरस्त कर दिया है। संस्थान के 62 शिक्षकों व तीन अधिकारियों को बर्खास्त किया गया है।
सूचना के अनुसार वर्ष 2005 में 15 सहायक प्राध्यापकों, 47 लेक्चरर, दो लायब्रेरियन और एक ट्रेनिंग व प्लेसमेंट अधिकारी की नियुक्ति की गई थी। इन नियुक्तियों में गड़बड़ी के आरोप लगे और इन शिकायतों की मानव संसाधन विकास मंत्रालय ने भारतीय प्रशासनिक सेवा के पूर्व अधिकारी एमएन बुच से जांच कराई। मैनिट ने छत्तीसगढ़ के पूर्व पुलिस महानिदेशक एमएस शुक्ला की अध्यक्षता में जांच कमेटी बनाई।
जांच में आरोपों के सही पाए जाने के बाद अवैध तरीके से नियुक्त सभी कर्मचारियों को मानव संसाधन विकास मंत्रालय ने आदेश जारी कर बर्खास्त कर दिया। मानव संसाधन विकास मंत्रालय की बर्खास्तगी का आदेश मैनिट को मिल गया है। वहीं जिन कर्मचारियों को बर्खास्त किया गया है, वे न्यायालय जाने की तैयारी में हैं।













Click it and Unblock the Notifications