पाकिस्तानी तालिबान से शहजाद के गठजोड़ के सबूत (लीड-1)
वाशिंगटन, 11 मई (आईएएनएस)। अमेरिका के पास इस बात के सबूत हैं कि न्यूयार्क में विफल आतंकवादी हमले के आरोपी फैसल शहजाद का पाकिस्तानी तालिबान से गठजोड़ था।
सीएनएन के अनुसार एक अधिकारी ने बताया कि शहजाद से पूछताछ के अलावा की गई पड़ताल में भी अमेरिकी कानूनी और खुफिया अधिकारियों के हाथ पाकिस्तानी तालिबान और इस संदिग्ध आतंकवादी के निकट संबंधों के सबूत मिले हैं।
अधिकारी ने कहा कि अमेरिका अभी इस बात की तह में जाने में लगा है कि शहजाद और पाकिस्तनी तालिबान के बीच 'कितने गहरे' रिश्ते थे। शहजाद पाकिस्तानी मूल का है।
खबर यह भी है कि शहजाद तालिबानी आतंकवादियों की मदद हासिल करने के लिए पाकिस्तान गया था। एक वरिष्ठ अमेरिकी अधिकारी ने बताया, "सवाल यह है कि क्या वह मदद के लिए पाकिस्तान गया था? ऐसा प्रतीत होता है। ऐसा लगता है कि वह इस हमले के लिए मदद चाहता था।"
उधर, अमेरिकी विदेश विभाग के प्रवक्ता पी. जे. क्राउले ने सोमवार को कहा, "जब शहजाद पाकिस्तान गया था तो उसके दिमाग में हमले की बात थी। उसे विस्फोट के लिए उपकरणों की जो मदद मिली थी उससे हमले का अंजाम दिया जा सकता है।"
अमेरिका के इस अधिकारी ने बताया कि पाकिस्तान दौरे के समय तहरीक-ए-तालिबान ने उसे बम विस्फोट करने का प्रशिक्षण दिया था। उल्लेखनीय है कि विगत तीन मई को शहजाद को उस समय गिरफ्तार किया गया था जब वह न्यूयार्क से बाहर जाने की फिराक में था।
अमेरिकी राष्ट्रपति बराक ओबामा के आतंकवाद विरोधी मामलों के सलाहकार जॉन ब्रेनन ने रविवार को कहा था, "ऐसा लगता है कि शहजाद तहरीक-ए-तालिबान पाकिस्तान की ओर से यहां काम कर रहा था। यह संगठन अलकायदा का निकट सहयोगी है।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications