दिल्ली में तांगा चालकों को 31 मई तक राहत
दिल्ली में अब भी 250 तांगे चलते हैं। ये तांगे पुरानी दिल्ली में यात्रियों और माल को एक स्थान से दूसरे स्थान पर ले जाने के लिए प्रयुक्त होते हैं। दिल्ली नगर निगम की स्थायी समिति की पिछले साल हुई एक बैठक में इन तांगों को सड़कों से हटाने का निर्णय लिया गया था।
नगर निगम के प्रवक्ता दीप माथुर कहते हैं, "राष्ट्रीय राजधानी में तांगे या घोड़ा चलित वाहन नहीं होंगे। नगर निगम यातायात के इस पुराने साधन को हटा रही है। तांगेवालों को 15 दिन के अंदर उनके वाहनों और जानवरों को हटाना होगा।"
उन्होंने कहा, "नगर निगम शादी-ब्याह में 10 बग्गियां चलाने की इजाजत देगी। यात्रियों को ले जाने और माल ढोने के लिए इनका इस्तेमाल नहीं होगा।"
नगर निगम के उपायुक्त कृष्ण कुमार ने कहा, "तांगों को सोमवार से सड़कों पर न दिखाई देने का आदेश दिया गया था। तांगेवालों द्वारा हमसे कुछ समय की मोहलत मांगे जाने के बाद हमने उन्हें 31 मई तक तांगे चलाने की इजाजत दी है। उनमें से ज्यादातर के लाइसेंस इस महीने के अंत में समाप्त हो जाएंगे।"
कुमार ने आईएएनएस से कहा, "यदि 31 मई के बाद सड़कों पर यात्रियों या माल को ले जाते तांगे देखे गए तो नगर निगम उन्हें जब्त कर लेगा।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications