सीमाओं की सुरक्षा के लिए किन्नरों की नियुक्ति का सुझाव
इटानगर, 11 मई (आईएएनएस)। अरूणाचल प्रदेश के गृह मंत्री टाको डाबी ने देश की सीमाओं की सुरक्षा के लिए किन्नरों की एक रेजिमेंट के गठन का सुझाव केंद्र सरकार को दिया है।
डाबी ने आईएएनएस से कहा, "मेरे विचार से यदि किन्नरों को पुलिस या अर्धसैनिक बलों में नियुक्त किया जाए तो वे राष्ट्र की बेहतर सेवा करेंगे।"
वह इस संबंध में पहले ही केंद्रीय गृह मंत्री पी. चिदंबरम को पत्र भेज चुके हैं।
डाबी ने चिदंबरम को लिखा है, "हमारे देश में किन्नरों की एक अलग रेजिमेंट क्यों नहीं हो सकती? यदि ऐसा किया गया तो इस समुदाय के अंतर्राष्ट्रीय सीमाओं पर अपना कर्तव्य प्रभावी तरीके से निभाने की उम्मीद है।"
अरूणाचल प्रदेश की चीन से लगने वाली सीमा 1,030 किलोमीटर लंबी है।
डाबी ने कहा कि मुगल काल में भी हरम की रखवाली के लिए किन्नरों को रखने के उदाहरण मिले हैं।
देश में करीब 10 लाख किन्नर हैं और वे अलगाव, गरीबी और उपेक्षा के शिकार हैं।
मंत्री ने कहा कि रामायण और महाभारत में किन्नरों का उल्लेख मिलता है। इनमें किन्नरों को बहुत भरोसेमंद और विश्वासपात्र बताया गया है।
अरूणाचल के गृह मंत्री अपने विवादास्पद बयानों के लिए जाने जाते हैं। पिछले महीने उन्होंने ड्यूटी पर पुलिसकर्मियों के शराब पीने का यह कहकर बचाव किया कि सीमित मात्रा में शराब के शेवन से उनको अपने काम को प्रभावी तरीके से करने के लिए अतिरिक्त ऊर्जा मिल सकती है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications