कृष्णा, कुरैशी वार्ता में सभी मुद्दों पर होगी चर्चा (लीड-3)
विदेश मंत्री एस.एम.कृष्णा ने पाकिस्तान के विदेश मंत्री शाह महमूद कुरैशी से टेलीफोन पर वार्ता के बाद संवाददाताओं को संबोधित करते हुए कहा कि वह 15 जुलाई को इस्लामाबाद जाएंगे और सभी विवादित मुद्दों पर वार्ता करेंगे।
कृष्णा ने कहा, "पाकिस्तान के विदेश मंत्री ने 15 जुलाई को मुझे इस्लामाबाद आने के लिए आमंत्रित किया। इसलिए मैं कुरैशी के साथ वार्ता के लिए इस्लामाबाद यात्रा की योजना बना रहा हूं और मैं वार्ता के लिए इच्छुक हूं।"
कृष्णा ने कहा, "आशा है कि यह वार्ता दोनों देशों को नजदीक लाने में सहायक होंगी। यह सौहार्दपूर्ण और फलदायक होगी"
दोनों मंत्रियों ने भारत और पाकिस्तान के बीच स्थगित शांति प्रक्रिया को आगे बढ़ाने के उपायों पर चर्चा की।
भारतीय विदेश मंत्री के अनुसार विवादित मुद्दों पर चर्चा होगी और उनको आपसी विश्वास और आपसी सम्मान के आधार पर सुलझाया जाएगा।
सूत्रों के अनुसार टेलीफोन पर दोनों मंत्रियों के बीच चर्चा करीब आधे घंटे तक चली। कृष्णा के कजाकिस्तान की तीन दिवसीय यात्रा के लिए रवाना होने के कुछ घंटे पहले यह वार्ता हुई।
दोनों देशों के प्रधानमंत्रियों ने 29 अप्रैल को थिंपू में अपने-अपने विदेश मंत्रियों को बैठक करने और दोनों देशों के बीच भरोसा बहाल करने के उपाय खोजने को कहा था।
उधर कुरैशी ने इस्लामाबाद में कहा कि अगले हफ्ते दक्षिण एशियाई क्षेत्रीय सहयोग संगठन (दक्षेस) के गृह मंत्रियों की बैठक से इतर भारत-पाकिस्तान के गृह मंत्रियों की मुलाकात में दोनों देशों के विदेश मंत्रियों के बीच वार्ता के लिए आधार तय होगा।
दक्षेस के गृह मंत्रियों की बैठक में हिस्सा लेने के लिए भारत के गृह मंत्री पी. चिदंबरम 26 जून को इस्लामाबाद आएंगे।
दोनों विदेश मंत्रियों के बीच शुक्रवार को टेलीफोन पर वार्ता होनी थी लेकिन कुरैशी की व्यस्तता के कारण ऐसा संभव नहीं हो सका।
कुरैशी ने सोमवार को कहा था कि वह दोनों देशों के बीच निर्बाध संवाद के पक्ष में हैं।
भारत ने मुंबई पर 26/11 के हमले के बाद से पाकिस्तान के साथ समग्र वार्ता बंद कर दी थी।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।