एसटीएफ ने ईनामी बदमाश को मार गिराया
वाराणसी। उत्तर प्रदेश के एसटीएफ ने 50 हजार रुपये के एक ईनामी बदमाश को वाराणसी जिले में एक मुठभेड़ में मार गिराया। वाराणसी के बड़गांव इलाके में रविवार देर रात हुई इस मुठभेड़ में एसटीएफ ने मोनू यादव उर्फ नाटे उर्फ रिजस्टार को करीब आधा घंटे तक चली मुठभेड़ में ढेर कर दिया।
वाराणसी के पुलिस अधीक्षक ने बताया कि एसटीएफ को सूचना मिली कि मोनू बिहार से वाराणसी के बड़गांव इलाके में अपने किसी मित्र से मिलने आने वाला है। उसे पकड़ने के लिए रात में ही घेराबंदी की गयी। चारों ओर से घिर जाने पर उसने ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस ने भी जवाबी फायरिंग की जिसमें वह मारा गया।
मोनू के कब्जे से एक 9 एमएम पिस्टल और भारी संख्या में कारतूस बरामद किए गए। जौनपुर निवासी मोनू पर हत्या, अपहरण और लूट के करीब 10 आपराधिक मामले दर्ज थे। एसटीएफ अधिकारियों ने बताया कि गत 16 मार्च को मोनू इलाहाबाद में दो सिपाहियों की हत्या कर अपने साथी नीरज सिंह को छुड़ाकर फरार हो गया था। बाद में एसटीएफ ने गत 3 मई को नीरज सिंह को आगरा में एक मुठभेड़ में मार गिराया था।













Click it and Unblock the Notifications