टाइम्स स्क्वेयर मामला : एफबीआई का दल पाकिस्तान में
समाचार एजेंसी डीपीए के मुताबिक एक पाकिस्तानी अधिकारी ने शनिवार को कहा कि एफबीआई का तीन सदस्यीय दल शुक्रवार को पाकिस्तान पहुंचा। यह दल संभवत: इस्लामी चरमवादियों और बम रखने के आरोपी पाकिस्तान मूल के अमेरिकी नागरिक, फैजल शाहजाद के बीच संभावित संबंधों की अपनी जांच के सिलसिले में स्थानीय अधिकारियों से जानकारियां हासिल करेगा।
पाकिस्तान के एक सुरक्षा अधिकारी ने कहा, "एफबीआई के अधिकारी दो बिंदुओं पर फोकस कर रहे हैं। सबसे पहले वे फैजल शाहजाद के पिता, ससुर और उसके मित्रों से पूछताछ करना चाहेंगे ताकि वे इस बात का अंदाजा लगा सकें कि फैजल कैसे आतंकी बना और क्या आतंकियों के साथ उसके संपर्क हैं भी या नहीं।"
अधिकारी ने नाम न जाहिर करने की शर्त पर कहा, "दूसरे वे यह जानना चाहते हैं कि क्या किसी पाकिस्तानी आतंकी संगठन ने बम विस्फोट की योजना को अंजाम देने के लिए उसे धन भेजा था। वे हमसे यह जानना चाहते हैं कि क्या हवाला के जरिए कोई लेनदेन तो नहीं हुआ था।"
अधिकारी ने कहा, "हमने फैजल शहजाद के कई मित्रों और परिचितों को हिरासत में लिया है, लेकिन अभी तक इस मामले में कोई खास खुलासा नहीं हो पाया है।"
अधिकरी ने कहा, "हमें इस बात की कोई जानकारी नहीं है कि इस व्यक्ति का तालिबान, अलकायदा या किसी अन्य आतंकी संगठन के साथ प्रत्यक्ष या परोक्ष संबंध है भी या नहीं।"
अन्य अधिकारियों का कहना है कि संभवत: शहजाद के एक मित्र का, आतंकी संगठन, जैश-ए-मोहम्मद के साथ संबंध है।
ज्ञात हो कि शहजाद को न्यूयार्क के जॉन एफ केनेडी इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर दुबई जाने वाले एक विमान से सोमवार को गिरफ्तार किया गया था।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications