कृष्णा मंगलवार को कजाकिस्तान जाएंगे
नई दिल्ली, 7 मई (आईएएनएस)। विदेश मंत्री एस. एम. कृष्णा तीन दिवसीय दौरे पर मंगलवार को कजाकिस्तान जाएंगे।
इस दौरान दोनों देशों के बीच ऊर्जा और बुनियादी ढांचे सहित विभिन्न क्षेत्रों पर आपसी सहयोग को बढ़ावा देने पर चर्चा होगी।
कृष्णा कजाकिस्तान के विदेश मंत्री कनाट सौदाबायेव से आर्थिक, ऊर्जा और सुरक्षा संबंधी समझौतों के संबंध में बातचीत करेंगे।
आधिकारिक सूत्रों ने बताया कि दोनों देशों के विदेश मंत्रियों को कुछ बड़ी परियोजनाओं के लिए समय सीमा निर्धारित करने की उम्मीद है। इसमें सतपायेव तेल खण्ड में उत्पादन और उसके खोज पर संधि होना है। इसके अलावा संयुक्त औषधि उत्पादन उपक्रम और बुनियादी ढांचे को लेकर करार होना है।
सूत्रों ने आईएएनएस को बताया कि कृष्णा कजाकिस्तान के राष्ट्रपति नूरसुल्तान नजरबायेव से भी मुलाकात कर सकते हैं।
इस यात्रा के दौरान कृष्णा के साथ भारतीय उद्योग परिसंघ (सीआईआई) के नेतृत्व में व्यापारियों का एक प्रतिनिधिमंडल भी जाएगा।
कृष्णा और कजाकिस्तान के उनके समकक्ष शांतिपूर्ण असैनिक परमाणु सहयोग के एक अंतर सरकारी समझौते पर भी चर्चा करेंगे। इस करार पर दोनों तरफ से जल्द ही हस्ताक्षर होने की संभावना है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications