ब्रिटेन में मतदान जारी

ब्रिटेन में लाखों लोग पिछले 18 वर्षों के सबसे रोमांचक आम चुनाव में मत डाल रहे हैं.
देश भर में सुबह सात बजे से मतदान केंद्र खुल गए हैं और रात दस बजे तक मतदाता वोट डाल सकते हैं.
चुनाव में चार लाख 40 करोड़ मतदाता वोट डाल सकते हैं.
परिणाम स्थानीय समय के अनुसार रात 11 बजे से आने शुरू हो जाएँगे.
चुनाव में संसद के निचले सदन हाउस ऑफ़ कॉमन्स की 649 सीटों के लिए हो रहे चुनाव में लगभग 4,150 उम्मीदवार खड़े हैं.
एक सीट पर चुनाव को एक उम्मीदवार की मृत्यु के कारण स्थगित कर दिया गया है. वहाँ 27 मई को वोट डाले जाएँगे.
नेता
मतदान के दिन तीनों बड़ी पार्टियों के नेताओं में से सबसे पहले वोट कंज़र्वेटिव पार्टी के नेता डेविड कैमरन ने ऑक्सफ़ोर्डशर में अपनी संसदीय सीट विटनी पर डाला. उनकी पत्नी सामंथा कैमरन भी उनके साथ थीं.
लेबर पार्टी नेता गॉर्डन ब्राउन ने स्कॉटलैंड में अपनी सीट नॉर्थ क्वीन्सफ़ेरी में अपने घर के पास ही एक मतदान केंद्र पर अपनी पत्नी सेरा ब्राउन के साथ वोट डाला.
लिबरल डेमोक्रेट नेता निक क्लेग ने शेफ़ील्ड हलम में अपनी सीट पर वोट डाला. उनकी पत्नी मिरियम मत नहीं डाल सकीं क्योंकि वे स्पेन की नागरिक हैं.
आम चुनाव के साथ-साथ ब्रिटेन में 164 स्थानीय निकायों के लिए भी चुनाव हो रहे हैं.
दुर्घटना
मतदान के दिन एक दल – यूके इंडिपेंडेंस पार्टी (यूकिप) – के एक नेता नाइजल फराज एक हल्के विमान की दुर्घटना में घायल हो गए.
पूर्व यूकिप प्रमुख और यूरोपीय संसद सदस्य का विमान गिरने के बाद उन्हें तत्काल अस्पताल ले जाया गया.
बताया जा रहा है कि वे दुर्घटना में घायल हो गए हैं लेकिन उनके जीवन को ख़तरे जैसी कोई बात नहीं है.












Click it and Unblock the Notifications