उत्तर और पूर्वोत्तर में बारिश के आसार (लीड-1)
आईएमडी के अनुसार जम्मू एवं कश्मीर, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखण्ड और बिहार में भी अगले 48 घंटों के दौरान हल्की बारिश हो सकती है। पिछले 24 घंटों के दौरान देश का सबसे गर्म स्थान झांसी (उत्तर प्रदेश) रहा, जहां अधिकतम तापमान 44.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
आईएमडी का पूर्वानुमान है कि दिल्ली और आसपास के इलाकों में गुरुवार को हल्की बारिश हो सकती है। गुरुवार सुबह न्यूनतम तापमान 28.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से तीन डिग्री अधिक था। अधिकतम तापमान 42 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की उम्मीद है।
आईएमडी के अनुसार दिल्ली में गुरुवार को बादल छाए रहेंगे और शाम में तेज आंधी के साथ हल्की बारिश हो सकती है।
पिछले 24 घंटों के दौरान मध्य प्रदेश के अधिकांश इलाकों में अधिकतम तापमान में वृद्धि दर्ज की जा रही है। मौसम विभाग का पूर्वानुमान है कि आगामी 24 घंटों में राज्य के कई स्थानों में हल्की बारिश भी हो सकती है।
भोपाल स्थित क्षेत्रीय मौसम कार्यालय के अनुसार बीते 24 घंटों में राज्य के अधिकांश हिस्सों में अधिकतम तापमान में इजाफा हुआ है। भोपाल में पारा 41.4, इंदौर में 40.6, ग्वालियर में 42.6 और जबलपुर में 41.2 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। पिछले 24 घंटों के दौरान राज्य में सबसे गर्म स्थान श्योंपुर रहा, जहां तापमान 44 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है।
उत्तर प्रदेश के विभिन्न इलाकों में पिछले 24 घंटों के दौरान हल्की बारिश और बादल छाने से लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिल रही है। गोरखपुर सहित पूर्वाचल के कुछ जिलों में बुधवार को तेज हवाओं के साथ हल्की बारिश और बूंदाबांदी हुई जबकि राज्य के अन्य कुछ हिस्सों में बादल छाये रहे।
मौसम विभाग ने अगले 24 घंटों के दौरान राज्य के पूर्वी हिस्से में तेज हवाओं के साथ हल्की बारिश की संभावना जताई है जबिक बुंदेलखंड और पश्चिमी भाग में तापमान जस का तस रहने का अनुमान व्यक्त किया है।
बूंदाबांदी और हल्की बारिश के चलते राज्य के अधिकांश इलाकों में अधिकतम तापमान में गिरावट दर्ज की जा रही है। पिछले 24 घंटों के दौरान इलाहाबाद का अधिकतम तापमान 37.8, कानपुर का 38.3, गोरखपुर का 33.7 और राजधानी लखनऊ का 37.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
बुंदेलखंड क्षेत्र का झांसी एक बार फिर प्रदेश का सबसे गर्म स्थान रहा, जहां अधिकतम तापमान 44.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications