चुनाव पूर्व बिहार में गरमाई 'यात्राओं' की राजनीति

पटना, 6 मई (आईएएनएस)। बिहार विधानसभा के आगामी चुनावों में अपनी-अपनी नैया पार लगाने के लिए यहां के राजनीतिक दलों ने यात्राओं का सहारा लिया है। जनता से सीधे तौर पर संपर्क साधने के इस चुनावी माध्यम ने चुनाव के लगभग छह माह पहले ही प्रदेश की राजनीति को गरमाना आरंभ कर दिया है।

बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार जहां 'विश्वास यात्रा' पर निकले और इसका पहला चरण पूरा कर चुके हैं, वहीं राज्य की मुख्य विपक्षी पार्टी राष्ट्रीय जनता दल (राजद) ने संसद सत्र समाप्त होने के बाद पार्टी के अध्यक्ष लालू प्रसाद के नेतृत्व में 'भंडाफोड़ यात्रा' निकालने का फैसला किया है।

कांग्रेस द्वारा 'परिवर्तन यात्रा' निकाला गया है। ऐसे में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) कैसे पीछे रह सकती थी। पार्टी ने भी एक रथ निकालने की योजना बनाई है।

मुख्यमंत्री जहां अपने पांच साल के कार्यकाल से जनता को अवगत कराकर लोगों के दिलों में अपने प्रति विश्वास पैदा करने की कोशिश कर रहे हैं वहीं लालू यादव ने उनके इस विश्वास की पोल खोलने की ठान ली है। ऐसे में प्रदेश की राजनीति का गरमाना लाजिमी है।

प्रदेश की सत्ताधारी जनता दल (युनाइटेड) के अल्पसंख्यक प्रकोष्ठ के तत्वाधान में बुधवार को ही 'अमन रथ' नाम से यात्रा निकाली गई। इस रथ को मुख्यमंत्री ने पटना में हरी झंडी दिखाई।

जद (यू) अल्पसंख्यक प्रकोष्ठ के प्रधान सचिव इकबाल अहमद बताते हैं कि इस 'अमन रथ' को निकालने का मुख्य उद्देश्य राज्य में पिछले साढ़े चार वर्षो के वर्तमान सरकार के कार्यकाल में अमन और चैन के विषय में किये गये कार्यो से लोगों को अवगत कराना है।

उल्लेखनीय है कि नीतीश कुमार मुख्यमंत्री बनने के बाद मुख्य रूप से 'विकास यात्रा' और 'धन्यवाद यात्रा' निकाल चुके हैं जबकि मुख्यमंत्री बनने के पूर्व न्याय यात्रा के जरिए वह राज्य के कई जिलों का भ्रमण कर चुके हैं। मुख्यमंत्री के यात्रा के दौरान ही राज्य के गांव में मंत्रिपरिषद की बैठकें भी हुआ करती थीं।

जद (यू) द्वारा किसान रथ तथा निर्भय रथ भी निकाला जा चुका है। इतने रथ और यात्राओं के बाद पार्टी की ओर से महिलाओं के लिए 'स्वावलंबन रथ' निकाले जाने की योजना बनाई गई है।

जद (यू) के प्रवक्ता रविन्द्र कुमार 'रथ और यात्राओं' को वोट बैंक की राजनीति से अलग देखते हैं। वह कहते हैं कि इन यात्राओं का मुख्य उद्देश्य सरकार द्वारा किए गए कार्यो को लोगों तक पहुंचाना है। उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा कई ऐसी योजनाएं चलायी जा रही हैं जिसकी जानकारी ग्रामीण क्षेत्र के लोगों को नहीं है। केवल योजनाएं बनाने से कुछ नहीं होगा। लोगों तक इन योजनाओं की जानकारी भी पहुंचनी चाहिए।

राजद महासचिव रामकृपाल यादव ने 'भंडाफोड़ यात्रा' के बारे में आईएएनएस को बताया कि सरकार द्वारा किए गए कार्यो की वास्तविकता से लोगों को परिचित कराने के लिए अध्यक्ष लालू प्रसाद के नेतृत्व में यह यात्रा होगी। उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा किए गए कार्यो का भंडाफोड़ किया जाएगा।

इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।

Notifications
Settings
Clear Notifications
Notifications
Use the toggle to switch on notifications
  • Block for 8 hours
  • Block for 12 hours
  • Block for 24 hours
  • Don't block
Gender
Select your Gender
  • Male
  • Female
  • Others
Age
Select your Age Range
  • Under 18
  • 18 to 25
  • 26 to 35
  • 36 to 45
  • 45 to 55
  • 55+