ओलावृष्टि के साथ बारिश की संभावना बरकरार (राउंडअप)
मौसम विभाग के अनुसार दिल्ली सहित पंजाब, हरियाणा, चण्डीगढ़, उत्तर प्रदेश, और राजस्थान के कुछ इलाकों में धूल भरी आंधी या गरज के साथ छींटे पड़ने की उम्मीद है।
पिछले 24 घंटों के दौरान देश का सबसे गर्म स्थान झांसी (उत्तर प्रदेश) रहा, जहां अधिकतम तापमान 44.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
देश के चार महानगरों दिल्ली, मुंबई, कोलकात और चेन्नई में पिछले 24 घंटों के दौरान अधिकतम तापमान क्रमश: 41.7, 33.9, 36.6 और 37.2 डिग्री सेल्सियस रहा।
पिछले 24 घंटों के दौरान असम, मेघालय, उड़ीसा, हिमाचल प्रदेश और जम्मू एवं कश्मीर के कुछ इलाकों में बारिश दर्ज की गई। झारखण्ड, छत्तीसगढ़ में भी छिटपुट वर्षा हुई है। भुवनेश्वर, श्रीनगर, बनीहाल, हिमाचल प्रदेश के भुंतार और चेरापूंजी में बुधवार को भारी बारिश हुई।
भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के अनुसार राजस्थान के साथ ही हरियाणा के कुछ इलाकों को भयंकर लू की स्थित से राहत मिली है। हिमाचल प्रदेश के कुछ भागों में हालांकि अभी भी लू की स्थिति बरकरार है और इससे 24 घंटे बाद कुछ राहत मिलने के आसार हैं।
मौसम विभाग के मुताबिक पूर्वोत्तर के असम, अरुणाचल प्रदेश, मेघालय में भारी बारिश हो सकती है और नागालैंड, मिजोरम और त्रिपुरा में हल्की वर्षा की संभावना है।
दक्षिण भारत के आंध्र प्रदेश, केरल, तमिलनाडु, कर्नाटक के तटीय इलाकों, लक्षद्वीप और अंडमान एवं निकोबार द्वीप समूह में गरज के साथ छींटे पड़ने की उम्मीद है। जम्मू एवं कश्मीर में अगले 48 घंटों में भारी बारिश के आसार हैं। पहाड़ी राज्यों हिमाचल प्रदेश और उत्तराखण्ड में भी आगामी 48 घंटों में छिटपुट वर्षा की उम्मीद की जा रही है।
मौसम विभाग के अनुसार उत्तराखण्ड, जम्मू एवं कश्मीर, हिमाचल प्रदेश, पश्चिम बंगाल, बिहार, झारखण्ड, और सिक्किम में तेज हवाओं के साथ छिटपुट बारिश हो सकती है।
पटना मौसम विभाग के अनुसार गुरुवार को राज्य के कुछ हिस्सों में आंधी की रफ्तार 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे रह सकती है। पूर्वानुमान के अनुसार दोपहर से लेकर देर रात के बीच मौसम में होने वाले बदलाव के बाद तेज आंधी दस मिनट तक चलेगी जबकि धीरे-धीरे आंधी की रफ्तार कम हो जाएगी।
मौसम विभाग द्वारा बिहार के सीमांचल क्षेत्रों खासकर पूर्णिया और सहरसा जिलों में लोगों को अलर्ट कर दिया गया है। पटना में बुधवार को अधिकतम तापमान 37़ 3 डिग्री सेल्सियस, गया में 38़ 0, भागलपुर में 33़ 4 तथा पूर्णिया में 33़ 7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
मौसम विभाग पूर्वानुमान है कि दिल्ली और आसपास के इलाकों में गुरुवार को हल्की बारिश हो सकती है। गुरुवार सुबह न्यूनतम तापमान 28.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से तीन डिग्री अधिक था।
पिछले 24 घंटों के दौरान मध्य प्रदेश के अधिकांश इलाकों में अधिकतम तापमान में वृद्धि दर्ज की जा रही है। मौसम विभाग का पूर्वानुमान है कि आगामी 24 घंटों में राज्य के कई स्थानों में हल्की बारिश भी हो सकती है।
भोपाल स्थित क्षेत्रीय मौसम कार्यालय के अनुसार बीते 24 घंटों में राज्य के अधिकांश हिस्सों में अधिकतम तापमान में इजाफा हुआ है। भोपाल में पारा 41.4, इंदौर में 40.6, ग्वालियर में 42.6 और जबलपुर में 41.2 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। पिछले 24 घंटों के दौरान राज्य में सबसे गर्म स्थान श्योंपुर रहा, जहां तापमान 44 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है।
उत्तर प्रदेश के विभिन्न इलाकों में पिछले 24 घंटों के दौरान हल्की बारिश और बादल छाने से लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिल रही है। गोरखपुर सहित पूर्वाचल के कुछ जिलों में बुधवार को तेज हवाओं के साथ हल्की बारिश और बूंदाबांदी हुई जबकि राज्य के अन्य कुछ हिस्सों में बादल छाये रहे।
मौसम विभाग ने अगले 24 घंटों के दौरान राज्य के पूर्वी हिस्से में तेज हवाओं के साथ हल्की बारिश की संभावना जताई है, जबिक बुंदेलखंड और पश्चिमी भाग में तापमान जस का तस रहने का अनुमान व्यक्त किया है।
बूंदाबांदी और हल्की बारिश के चलते राज्य के अधिकांश इलाकों में अधिकतम तापमान में गिरावट दर्ज की जा रही है। पिछले 24 घंटों के दौरान इलाहाबाद का अधिकतम तापमान 37.8, कानपुर का 38.3, गोरखपुर का 33.7 और राजधानी लखनऊ का 37.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
उत्तर पश्चिम, मध्य और पूर्वी भारत के अधिकतम तापमान में अगले 24 घंटों में किसी बदलाव की उम्मीद नहीं है
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications