न्यूयार्क हमले की साजिश में पाकिस्तानी तालिबान का हाथ (लीड-1)
समाचार पत्र न्यूयार्क टाइम्स के अनुसार इससे इस बात की चिंता बढ़ गई है कि अन्य आतंकवादी संगठन भी अमेरिकी धरती पर हमले का प्रयास कर सकते हैं।
विफल बम हमले के मामले में गिरफ्तार संदिग्ध फैसल शहजाद से दो दिनों की गहन पूछताछ के बाद अधिकारियों ने कहा कि इस बात के साक्ष्य बढ़ रहे हैं कि न्यूयार्क के व्यस्त मैनहटन इलाके में कार बम हमले के लिए पाकिस्तानी तालिबान ने शहजाद को प्रशिक्षित और प्रेरित किया।
अधिकारियों के अनुसार अपने वाहन में विस्फोटक लगाकर शनिवार रात उसे टाइम्स स्क्वेयर पर खड़ा करने वाले शहजाद ने आतंकवादी संगठन के अपने संपर्को से बात की थी। अधिकारियों ने कुछ और भी सबूत हासिल किए हैं जिसका उन्होंने खुलासा नहीं किया।
रविवार को पाकिस्तानी तालिबान ने एक वीडियो जारी करके बम हमले के प्रयास की जिम्मेदारी ली थी।
जांचकर्ता इसका पता लगाने का प्रयास कर रहे हैं कि शहजाद को वाहन खरीदने और संयुक्त अरब अमीरात के दुबई का हवाई टिकट खरीदने के लिए धन किसने उपलब्ध कराया। एक अधिकारी ने कहा, "कोई उसे वित्त उपलब्ध करा रहा था और हम इसका पता लगाने में जुटे हैं। इस मामले में शक की सुई पाकिस्तानी तालिबान की ओर है।"
खुफिया अधिकारियों को इस बारे में कोई शंका नहीं है कि पिछले एक वर्ष से जारी अमेरिका के चालक रहित विमानों के हमलों ने तहरीक-ए-तालिबान कहे जाने वाले पाकिस्तानी तालिबान को बदले के लिए अमेरिकी धरती पर हमले के लिए प्रतिबद्ध किया है।
एक अमेरिकी अधिकारी ने बताया कि सौभाग्य से अमेरिकी 'कस्टम एंड बॉर्डर प्रोटेक्शन' के आंकड़ों में सुरक्षित एक फोन नंबर और टाइम्स स्क्वेयर में पाए गए वाहन के खरीदार के संभावित सेलफोन के कॉल ब्योरे में समानता के कारण शहजाद के पाकिस्तानी संपर्को का पता चला। शहजाद ने फरवरी में अंतिम बार अमेरिका में प्रवेश करते हुए एक फोन नंबर उपलब्ध करवाया था जो 'कस्टम एंड बॉर्डर प्रोटेक्शन' के आंकड़ों में सुरक्षित था।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications