खाद्य महंगाई दर गिरकर 13.93 प्रतिशत हुई
नई दिल्ली, 6 मई (आईएएनएस)। देश की वार्षिक खाद्य महंगाई की दर 24 अप्रैल को समाप्त हुए सप्ताह में गिरकर 13.93 प्रतिशत हो गई। इससे पिछले सप्ताह यह दर 16.61 प्रतिशत थी।
केंद्रीय वाणिज्य और उद्योग मंत्रालय द्वारा गुरुवार को जारी आधिकारिक आंकड़ों के अनुसार गेहूं और सब्जियों के दामों में आई गिरावट से खाद्य महंगाई की दर घटी है। समीक्षाधीन सप्ताह में खाद्य वस्तुओं के सूचकांक में 0.1 प्रतिशत की गिरावट आई है।
गैर खाद्य वस्तुओं और ईंधन के सूचकांक में कोई परिवर्तन नहीं हुआ।
वार्षिक आधार पर समीक्षाधीन सप्ताह में दालों, दूध और अनाजों की कीमतों में वृद्धि हुई जबकि आलू, प्याज और सब्जियों की कीमतों में गिरावट दर्ज की गई।
ईंधन,फाइबर और तिलहन जैसी गैर खाद्य वस्तुओं की कीमतें पिछले वर्ष के स्तर से अधिक हैं।
कुछ आवश्यक वस्तुओं की कीमतों में पिछले 52 सप्ताह के दौरान आया उतार-चढ़ाव निम्नलिखित है :
-दालें : 30.58 प्रतिशत
-दूध : 21.12 प्रतिशत
-फल : 14.49 प्रतिशत
-चावल : 8.28 प्रतिशत
-अनाज : 7.67 प्रतिशत
-आलू : (-) 32.14 प्रतिशत
-प्याज : (-) 25.8 प्रतिशत
-सब्जियां : (-) 5.69 प्रतिशत
गौरतलब है कि एशिया-प्रशांत क्षेत्र के लिए संयुक्त राष्ट्र आर्थिक और सामाजिक आयोग ने एक सर्वेक्षण में कहा कि भारत में वर्ष 2010-11 की वार्षिक मुद्रास्फीति की दर 7.5 प्रतिशत के करीब रहेगी।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*












Click it and Unblock the Notifications