बगदाद के चारों ओर सुरक्षा दीवार का निर्माण शुरू
समाचार एजेंसी आरआईए नोवोस्ती के मुताबिक आठ सुरक्षा चौकियों वाली कंक्रीट की दीवार का निर्माण 2011 के मध्य तक पूरा हो जाएगा।
मेजर जनरल कासिम अट्टा के हवाले से कहा गया है कि आतंकवादियों को रोकने और उनके बगदाद में प्रवेश को रोकने के लिए इस दीवार को आधुनिक निगरानी प्रणाली से लैस किया जाएगा।
जैसे-जैसे दीवार का निर्माण पूरा होगा, अधिकारी सुरक्षा चौकियों को शहर के भीतर ले जाएंगे।
वर्ष 2006-2007 में सुरक्षा बढ़ाने के लिए बगदाद को कई सुरक्षा चौकियों और तार की मजबूत बाड़ों के जरिए कई जिलों में बांटा गया था। इस वजह से शहर में कई जगह पर यातायात में असुविधाएं पैदा होने लगी थी जबकि अत्यधिक सुरक्षा के बावजूद यहां आतंकवादी हमलों को नहीं रोका जा सका था। इराक की राजधानी में दूतावासों के इलाके के अलावा कई स्थानों पर आतंकवादी हमले हुए।
इराक में अत्यधिक हिंसा की स्थिति है। यहां विवादास्पद आम चुनावों के एक महीने के बाद सरकार गठन की जद्दोजहद चल रही है।
मीडिया में आई खबरों के मुताबिक बगदाद में केवल अप्रैल में ही 10 कार विस्फोट हुए हैं। इसके अलावा स्पेनिश, जर्मन, यूक्रेनियन, मिस्र और ईरानी दूतावासों के नजदीक भी विस्फोट हुए। इन विस्फोटों में 100 से अधिक लोग मारे गए हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications