पूछताछ में चुप रही निरुपमा की मां (लीड-1)
पुलिस का मानना है कि निरुपमा की मां को इस मामले में काफी कुछ पता है। इस बीच पुलिस ने रिपोर्ट को राष्ट्रीय महिला आयोग (एनसीडब्ल्यू) को भेज दिया है।
सुधा को सोमवार को गिरफ्तार किया गया था। पुलिस ने निरुपमा के पिता और भाई से भी पूछताछ की थी।
कोडरमा के पुलिस अधीक्षक जी.क्रांति कुमार ने आईएएनएस से कहा, "सुधा पाठक ने कुछ भी खुलासा नहीं किया लेकिन ऐसा प्रतीत होता है कि वह काफी कुछ जानती हैं।"
उन्होंने कहा, "मृतका की मां बहुत तेजी से अपने बयान बदल रही हैं। पहले उन्होंने कहा कि निरुपमा की मौत बिजली लगने से हुई है। बाद में उनके परिवारवाले एक स्युसाइड नोट लेकर सामने आए और कहा कि उसने छत के पंखे से लटककर जान दे दी। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के अनुसार निरुपमा की हत्या दम घुटने से हुई थी, साथ ही वह 10-12 हफ्ते की गर्भवती भी थी।"
निरुपमा के घर से सबूत जुटाने के लिए पुलिस ने मंगलवार को फोरेंसिक टीम से भी मदद मांगी।
राज्य के पुलिस महानिदेशक नियाज अहमद ने आईएएनएस ने कहा कि निरुपमा की हत्या से संबंधित रिपोर्ट मंगलवार को एनसीडब्ल्यू को भेज दी गई लेकिन उन्होंने रिपोर्ट का ब्योरा देने के इंकार कर दिया।
दूसरी तरफ निरुपमा के परिवारवाले खुद को निर्दोष बता रहे हैं। मृतका के पिता धर्मेद्र पाठक ने कहा, "उसने आत्महत्या की है। हम उसे इस बात के लिए राजी कर रहे थे कि वह अपनी ही जाति में शादी करे। उसके ऊपर कोई दबाव नहीं था।"
झारखण्ड के कोडरमा स्थित अपने आवास में 29 अप्रैल को निरुपमा मृत पाई गई थीं। इस बात की आशंका है कि उनकी हत्या की गई थी।
निरुपमा (23) ने दिल्ली स्थित भारतीय जनसंचार संस्थान (आईआईएमसी) से पत्रकारिता की पढ़ाई की थी। वह कथित तौर पर नई दिल्ली में एक युवक से प्रेम करती थीं। वह 19 अप्रैल को कोडरमा आई थी और उसे 28 अप्रैल को दिल्ली लौटना था। कहा जा रहा है कि निरुपमा के प्रेम संबंध से उसके अभिभावक नाराज थे।
निरुपमा की मौत मामले में उनके लगभग 50 दोस्तों ने सोमवार को राष्ट्रीय महिला आयोग की अध्यक्ष गिरिजा व्यास से मुलाकात की थी। व्यास ने झारखण्ड पुलिस से इस संबंध में रिपोर्ट मांगी थी।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications