उत्तर भारत में आंधी और बारिश के आसार (राउंडअप)
दिल्ली सहित उत्तर प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, चण्डीगढ़ और राजस्थान के विभिन्न हिस्सों में अगले 24 घंटों में तेज हवाओं के साथ गरज के साथ वर्षा होने के आसार हैं। पिछले 24 घंटों के दौरान देश का सबसे गर्म स्थान बाड़मेर (राजस्थान) रहा, जहां अधिकतम तापमान 45.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
पिछले 24 घंटों के दौरान पूर्वोत्तर के राज्यों में कुछ जगहों, पश्चिम बंगाल, अंडमान निकोबार, दक्षिण भारत में तमिलनाडु और केरल में बारिश दर्ज की गई है।
देश के चार महानगरों दिल्ली, मुंबई, कोलकाता और चेन्नई में मंगलवार को अधिकतम तापमान क्रमश: 38.5, 48.8, 36.1 और 34.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के अनुसार पूर्वोत्तर के अरुणाचल प्रदेश, असम, मेघालय, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में भारी बारिश हो सकती है।
देश के उत्तर और पूर्वोत्तर के इलाकों में अगले 48 घंटों के दौरान आंधी और बारिश के आसार हैं। मौसम विभाग के कहा है कि बिहार, झारखण्ड, पश्चिम बंगाल, सिक्किम और पूर्वोत्तर के राज्यों में तेज आंधी के साथ बारिश हो सकती है।
उधर, भीषण गर्मी की मार झेल रहे दिल्लीवासियों के लिए खुशखबरी है। मौसम विभाग का कहना है कि अप्रैल की तुलना में मई में गर्मी से राहत मिलेगी। विभाग ने कहा, "दिल्ली में अप्रैल की तुलना में मई में गर्मी कम होगी।" मंगलवार को दिल्ली में न्यूनतम तापमान 26.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
मध्य प्रदेश में अधिकांश इलाकों में पिछले 24 घंटों के दौरान अधिकतम तापमान में वृद्धि दर्ज की गई। राज्य के कई इलाकों में अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से अधिक रहा। पिछले 24 घंटों में अधिकतम तापमान में एक डिग्री सेल्सियस से अधिक का उछाल आया है।
क्षेत्रीय मौसम कार्यालय से मिली जानकारी के मुताबिक भोपाल, जबलपुर, इंदौर व ग्वालियर सहित अधिकांश हिस्सों में तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच गया है। राज्य का सबसे गर्म स्थान खजुराहो रहा, जहां अधिकतम तापमान 43 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। मौसम विभाग का पूर्वानुमान है कि आगामी 24 घंटों में भोपाल, इंदौर, होशंगाबाद, रीवा, सागर व जबलपुर में हल्की बारिश हो सकती है।
पिछले 24 घंटों के दौरान उत्तर प्रदेश के अधिकांश इलाकों में बादल छाए रहने और हल्की बारिश से लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिली है। मौसम विभाग के मुताबिक गोरखपुर में दो मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई, जबकि कानपुर, लखनऊ, बहराइच, श्रावस्ती, रायबरेली, सुल्तानपुर और प्रतापगढ़ में बादल छाने के साथ बूंदाबांदी हुई थी।
मौसम विभाग ने अगले 24 घंटों के दौरान राज्य के अधिकांश हिस्सों में तेज हवाओं के साथ हल्की बारिश के आसार जताए हैं। मौसम में हुए बदलाव से तापमान में गिरावट दर्ज की जा रही है।
पिछले 24 घंटों के दौरान इलाहाबाद का अधिकतम तापमान 37.7, कानपुर का 34.6, लखनऊ का 33.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। राज्य में सबसे गर्म स्थान झांसी रहा जहां अधिकतम तापमान 41.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था।
बिहार में पिछले 24 घंटों के दौरान उमस बढ़ने से लोगों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। पटना सहित कई इलाकों में अधिकतम तापमान में भी वृद्धि दर्ज की गई है। वहीं इस बात की संभावना है कि अगले 24 घंटों के दौरान कई इलाकों में हल्की बारिश हो सकती है।
पटना मौसम विज्ञान केन्द्र के निदेशक अनिमेश चंद्रा ने मंगलवार को बताया कि उमस काफी बढ़ गई है। उन्होंने कहा कि राज्य के ऊपर जो एक चक्रवात बना था, वह समाप्त हो गया है लेकिन अभी भी कई इलाकों में गरज के साथ बारिश की संभावना बनी हुई है।
मौसम विभाग के अनुसार जम्मू एवं कश्मीर में छिटपुट बारिश की संभावना है। उधर, पहाड़ी राज्यों उत्तराखण्ड, हिमाचल प्रदेश में 24 घंटों के बाद वर्षा के आसार हैं।
दक्षिण भारत में भी गरज के साथ बूंदा बांदी हो सकती है। मौसम विभाग के मुताबिक केरल, तुमिलनाड़, कर्नाटक के तटीय इलाकों, लक्ष्यद्वीप और अंडमान एवं निकोबार द्वीप समूह में छिटपुट बारिश की उम्मीद है।
उत्तर-पश्चिम मध्य और पूर्वी भारत के हिस्सों में अगले 24 घंटों तक तापमान में कोई बदलाव आने वाले नहीं हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications