ललित सूरी होटल समूह की 2200 करोड़ रुपये की विस्तार योजना
नई दिल्ली, 4 मई (आईएएनएस)। देश की बड़ी होटल श्रंखला ललित सूरी होटल समूह ने 2,200 करोड़ रुपये (50 करोड़ डॉलर) के निवेश से कंपनी के विस्तार की योजना बनाई है।
ललित के नाम से होटल संचालित करने वाला यह समूह अपनी विस्तार योजना के अंतर्गत 1,200 करोड़ रुपये की लागत से परिसंपत्तियां खरीदेगा। समूह की अध्यक्ष और निदेशक ज्योत्सना सूरी ने आईएएनएस को यह जानकारी दी।
उन्होंने कहा, "हम कोलकाता, जयपुर, चंडीगढ़, अहमदाबाद, नोएडा, अमृतसर, और देहरादून में अगले दो साल में होटलों की शुरुआत करने जा रहे हैं।"
2008 में ब्रांड परिवर्तन से पहले इंटरकांटिनेंटल ग्रुप ऑफ होटल्स के नाम से जाने वाले इस समूह ने 2012 तक अपने आलीशान होटलों में कमरों की संख्या 2,000 से बढ़ाकर 3,600 करने का लक्ष्य रखा है।
इसके अलावा यह समूह मध्यम श्रेणी के होटलों में संभावनाओं को देखते हुए इस श्रेणी के 25 होटलों में 800 करोड़ रुपये (17 करोड़ डॉलर) का निवेश करेगा।
सूरी ने कहा, "वर्ष 2013 तक हमारे पास मध्यम श्रेणी के होटलों के 1,400 कमरे होंगे। इस श्रेणी के होटलों को हम लुधियाना और सूरत जैसे पहले और दूसरी श्रेणी के शहरों में स्थापित करेंगे। इनमें से हर एक होटल में 50 से 75 कमरे होंगे।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications