बाघिन के हमले में एक व्यक्ति की मौत
वन अधिकारियों के मुताबिक डेउरिया वन क्षेत्र के पास सोमवार शाम लकड़ियां बिन रहे 50 वर्षीय गोकरन प्रसाद को बाघिन ने अपना शिकार बना लिया।
जिले के उप प्रभागीय वन अधिकारी एस.आर.सिंह ने मंगलवार को संवाददाताओं को बताया कि प्रसाद वन क्षेत्र के पास के सिमराया गांव के रहने वाले थे। उनके परिजन मंगलवार सुबह ढूंढ़ते हुए वन क्षेत्र पहुंचे। उन्हें वहां खन्नौत नदी के किनारे उसका क्षत-विक्षत शव मिला।
उधर घटना के बाद गांव के लोगों में दहशत है। सिंह ने कहा कि ग्रामीणों को सतर्क रहने की हिदायत दी गई है। वन विभाग के अधिकारियों की एक टीम द्वारा गांव के आस-पास तलाशी अभियान चलाया जा रहा है। सिंह बताया कि हमला करने वाली बाघिन वयस्क है।
वन विभाग की ओर से मृतक के परिजनों को 10,000 रुपये की आर्थिक सहायता की घोषणा की गई है। गौरतलब है कि डेउरिया वन क्षेत्र बाघों का प्राकृतिक आवास क्षेत्र है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications