चिकित्सा शिक्षा की निगरानी करेगा नियामक : आजाद (लीड-1)
मेडिकल काउंसिल ऑफ इंडिया (एमसीआई) द्वारा चिकित्सा संस्थानों को मान्यता देने के मामले में अनियमितता बरते जाने संबंधी मामले पर राज्यसभा में एक ध्यानाकर्षण प्रस्ताव का जवाब देते हुए आजाद ने कहा, "जैसे ही स्वास्थ्य क्षेत्र में मानव संसाधन राष्ट्रीय परिषद अस्तित्व में आएगा, वैसे ही वह सभी मामलों का ध्यान रखेगा।"
उन्होंने कहा कि इस परिषद के गठन के लिए सहमति बनाने के लिए सभी राज्य सरकारों को इस संबंध में तैयार मसौदा भेजा गया है। इनमें से 13 राज्यों ने तो अपने जवाब भी भेज दिए हैं। शेष राज्यों को हम जवाब भेजने के लिए याद दिला रहे हैं ताकि सभी के जवाब आने के बाद हम इस प्रकिया को आगे बढ़ा सके।
आजाद ने कहा कि देश में चिकित्सा शिक्षा में सुधार की आवश्यकता है ताकि इससे संबंधित नियामक निष्पक्ष और उद्देश्यपूर्ण तरीके से काम करने में सक्षम हो सके।
उन्होंने कहा, "हमारी पहली और तात्कालिक चिंता एमसीआई की विश्वसनीयता बहाल करना, उसकी कार्यप्रणाली को निष्पक्ष और उद्देश्यपूर्ण बनाना और देश में चिकित्सा शिक्षा से जुड़े लोगों में विश्वास बहाल करना है।"
उन्होंने कहा, "इन उद्देश्यों को पूरा करने के लिए सरकार सभी संभावित उपायों की समीक्षा कर रही है।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications