मोटरमैन हड़ताल : लोकसभा में हंगामा, कार्यवाही फिर स्थगित (लीड-2)
दो बार कार्यवाही स्थगित किए जाने के बाद केंद्रीय संसदीय कार्य राज्यमंत्री वी. नारायणस्वामी ने कहा कि रेल मंत्री की ओर से इस मुद्दे पर शाम छह बजे बयान दिया जाएगा। उनके इस आश्वासन के बाद भी शिवसेना और वामदलों के सदस्यों का हंगामा नहीं थमा। इस वजह से लोकसभा उपाध्यक्ष करिया मुंडा ने कार्यवाही शाम साढ़े पांच बजे तक स्थगित कर दी।
इससे पहले, मंगलवार सुबह सदन की कार्यवाही आरंभ होते ही शिव सेना, वाम दल और ऑल इंडिया अन्ना द्रविड़ मुनेत्र कड़गम (एआईएडीएमके) के सदस्यों ने मोटरमैन हड़ताल, 2जी स्पेक्ट्रम आवंटन और केंद्रीय ग्रामीण विकास राज्य मंत्री शिशिर अधिकारी द्वारा तृणमूल कांग्रेस के कार्यकर्ताओं के लिए कथित तौर पर हथियार खरीदे जाने का मामला उठाया।
इन विपक्षी दलों के सदस्य नारेबाजी करते हुए लोकसभा अध्यक्ष मीरा कुमार के आसन के निकट पहुंच गए।
इन मुद्दों पर हंगामे को देखते हुए कुमार ने सदन की कार्यवाही कार्यवाही दिन में 12 बजे तक स्थगित कर दी। उल्लेखनीय है कि 2जी स्पेक्ट्रम के मसले पर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) केंद्रीय संचार मंत्री ए. राजा के इस्तीफे की मांग कर रही है।
सदन की कार्यवाही दोबारा आरंभ होने पर सदस्यों को बोलने का मौका दिया गया। इसके बाद विभिन्न दलों के नेताओं ने मोटरमैन हड़ताल का मुद्दा उठाया। सदन में भाजपा के उप नेता गोपीनाथ मुंडे ने कहा कि इस मामले पर सरकार को तत्काल बातचीत करनी चाहिए।
मुंडे ने कहा, "मोटर मैन भूख हड़ताल पर चले गए हैं। अब उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जा रही है। इससे समस्या का समाधान नहीं हो सकता।"
इसके अलावा राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के अध्यक्ष लालू प्रसाद, वाम नेता गुरदास दासगुप्ता, कांग्रेस के संजय निरुपम और शिवसेना के अनंत गीते ने भी यह मुद्दा उठाया। इस मुद्दे पर विपक्षी दलों ने फिर हंगामा शुरू दिया। इस वजह से कार्यवाही दो बजे तक स्थगित करनी पड़ी।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications