रेल चालकों की हड़ताल पर सरकार को बयान देने का निर्देश
प्रकाश जावड़ेकर और एस.एस.अहलूवालिया के नेतृत्व में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के सदस्यों के शून्य काल के दौरान यह मामला उठाने और सदन में रेलमंत्री ममता बनर्जी की अनुपस्थिति पर हंगामा करने के बाद राज्यसभा के उपसभापति के.रहमान खान ने सरकार को बयान देने का निर्देश दिया।
जावड़ेकर ने कहा, "वहां 25 लाख लोग प्लेटफार्मो पर बैठे हैं। वहां न भोजन है न पानी। हम चाहेंगे कि सरकार इस पर ध्यान दे।"
इस सदन में उपस्थित सबसे वरिष्ठ मंत्री स्वास्थ्य मंत्री गुलाम नबी आजाद ने कहा कि इस मामले को मंत्री के ध्यान में लाएंगे।
उनके इस बयान से भाजपा और अन्य विपक्षी सदस्य संतुष्ट नहीं हुए और खान ने कहा, "मामला गंभीर है। आपने इस पर सरकार का ध्यान आकर्षित किया। सरकार शाम को इस पर प्रतिक्रिया देगी।"
पश्चिमी रेलवे और केंद्रीय रेलवे के 600 से अधिक मोटरमैन की हड़ताल के दूसरे दिन भी जारी रहने से मुंबई के करीब 70 लाख से अधिक यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
रेलचालकों ने वेतन वृद्धि और अन्य मांगों के लिए सोमवार सुबह छह बजे से भूख हड़ताल की थी। उनकी हड़ताल से सोमवार शाम को शहर की यातायात व्यवस्था बुरी तरह प्रभावित हुई।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications