यूपी में पारा लुढ़का मगर गर्मी से नहीं राहत
लखनऊ। भयंकर गर्मी से जूझ रहे उत्तर भारत वालों को फिलहाल गर्मी से राहत मिलने के कोई संकेत नजर नहीं आते। हालांकि उत्तर प्रदेश के अधिकांश इलाकों में पारा गिरा है लेकिन लू का चलना और तपिश बदस्तूर जारी है।
पिछले 24 घंटों के दौरान झांसी राज्य का सबसे गर्म स्थान रहा, जहां अधिकतम तापमान 44.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इसके अलावा अधिकांश हिस्सों में पारा सामान्य के आस-पास रहा। इलाहाबाद का अधिकतम तापमान 37.8, कानपुर का 38.1, वाराणसी का 38.9, गोरखपुर का 37.0 और राजधानी लखनऊ का 37.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
मौसम विभाग के निदेशक जे.पी.गुप्ता ने गुरुवार को संवाददाताओं को बताया कि अगले 48 घंटों के दौरान तापमान सामान्य के आस-पास ही दर्ज किया जाएगा लेकिन लू और तपिश से राहत की उम्मीद नहीं है।
बिहार में तापमान गिरा, बारिश की संभावना
बिहार के अधिकांश इलाकों में अधिकतम तापमान में आई गिरावट से लोगों को गर्मी से राहत मिली है। गुरुवार को राज्य के कुछ इलाकों में हल्की बारिश की भी संभावना व्यक्त की जा रही है।
पटना मौसम विज्ञान केन्द्र के अनुसार बुधवार को पटना का अधिकतम तापमान 36. 8 डिग्री सेल्सियस, गया का 40 डिग्री सेल्सियस, भागलपुर का 37.6 तथा पूर्णिया का 34.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था। केंद्र के अनुसार राज्य के कुछ हिस्सों में गुरुवार को हल्की बारिश होने की भी संभावना है। केंद्र के निदेशक अनिमेश चंद्रा ने गुरुवार को बताया कि अगले दो दिनों में पारा में कोई बढ़ोतरी नहीं होगी लेकिन उमस बनी रहेगा।