पाक ने सीमा से सेना हटाने की रिपोर्ट खारिज की (लीड-2)
वाशिंगटन/इस्लामाबाद, 29 अप्रैल (आईएएनएस)। पाकिस्तान ने गुरुवार को उस अमेरिकी रिपोर्ट को खारिज कर दिया जिसमें कहा गया था कि इस्लाबाद ने भारतीय सीमा से लगे क्षेत्रों से करीब एक लाख जवानों को हटकार उन्हें अफगानिस्तान की सीमा से लगे क्षेत्रों में आतंकवादियों के खिलाफ अभियान में लगाया है।
इससे पहले अमेरिकी रक्षा मुख्यालय की पेंटागन की रिपोर्ट कहा गया कि तालिबानी आतंकवादियों को बड़ा खतरा मानते हुए पाकिस्तान ने भारत से लगी सीमा से 100,000 सैनिकों को हटाकर अफगानिस्तान की सीमा पर तैनात किया है।
पाकिस्तानी सेना के प्रवक्ता मेजर जनरल अथर अब्बास के हवाले से समाचार एजेंसी ऑन लाइन ने कहा कि पाकिस्तान ने अपनी पश्चिमी सीमा से लगे क्षेत्रों में आतंकवादियों से निपटने के लिए करीब 147,000 जवानों की तैनाती की है और कोई अतिरिक्त बलों की तैनाती नहीं की गई है।
उन्होंने कहा, "हमारे जवान पश्चिमी सीमा से लगे क्षेत्रों में आतंकवादियों के खिलाफ अभियान चला रहे हैं। हम पूर्वी सीमा पर पारंपरिक युद्ध का खतरा झेल रहे हैं, इसलिए भारत की सीमा से लगे देश के पूर्वी इलाकों से सैन्य बल को नहीं हटाया गया है और न ही इसमें कोई कमी की गई है।"
उन्होंने कहा, "पूर्वी सीमा में जितनी जरूरत है उतने जवानों की तैनाती है और उन्हें पश्चिमी सीमा पर ले जाने जैसी कोई बात नहीं है।"
अमेरिकी रक्षा विभाग पेंटागन की रिपोर्ट के मुताबिक भारत की पश्चिमी सीमा से सटे इलाके से पाकिस्तानी सेना के 100,000 से अधिक जवानों को हटाया गया है। घरेलू आतंकवादियों को खतरा मानते हुए पाक सेना ने यह कदम उठाया है।
पेंटागन ने हालांकि इस बात की पुष्टि नहीं की है कि जवानों को किस विशेष जगह से हटाया गया है। रिपोर्ट में कहा गया है कि अनुमान के मुताबिक वर्तमान में आतंकवादियों के खिलाफ चल रहे अभियान में 140,000 से अधिक जवानों को लगाया गया है।
रिपोर्ट में कहा गया है कि पाक-अफगान सीमा के कबायली इलाकों में कई आतंकवादी संगठनों का सुरक्षित ठिकाना है। ये आतंकवादी संगठन पाकिस्तान, अफगानिस्तान, भारत सहित दुनिया के लिए खतरा हैं। इन आतंकवादी संगठनों में अलकायदा, तहरीक ए तालिबान और लश्कर ए तैयबा शामिल हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications