मनमोहन-गिलानी मुलाकात दक्षिण एशिया के लिए बेहतर : अमेरिका
अरुण कुमार
वाशिंगटन, 29 अप्रैल (आईएएनएस)। दक्षिण एशियाई क्षेत्रीय सहयोग संगठन (दक्षेस) के शिखर सम्मेलन के दौरान प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह और पाकिस्तान के प्रधानमंत्री यूसुफ रजा गिलानी के बीच प्रस्तावित मुलाकात का अमेरिका ने समर्थन करते हुए इसे 'क्षेत्र के लिए बेहतर' करार दिया है।
सिंह और गिलानी के बीच भूटान की राजधानी थिम्पू में गुरुवार को मुलाकात होगी। दक्षेस का 16वां शिखर सम्मेलन यहीं चल रहा है।
अमेरिकी विदेश विभाग के प्रवक्ता फिलिफ जे. क्राउली ने बुधवार को संवाददाताओं से कहा, "हमारा मानना है कि जब भारत और पाकिस्तान जैसे देशों के नेता उच्च स्तर की रचनात्मक बातचीत के लिए मिलते हैं तो यह क्षेत्र के लिए बेहतर होता है और हम इसका समर्थन करते हैं।"
उन्होंने कहा, "हमने भारत और पाकिस्तान को हमेशा वार्ता के लिए उत्साहित किया है कि उन्हें उच्च स्तरीय वार्ता बहाल करनी चाहिए। दोनों देशों की ओर से नेताओं के स्तर पर और अन्य स्तरों पर वार्ता बहाली की दिशा में कुछ अहम कदम उठाए गए हैं। हम इसकी सराहना करते हैं।"
प्रवक्ता ने कहा, "हमने भारत और पाकिस्तान के नेताओं को प्रत्यक्ष वार्ता की बहाली के लिए उत्साहित किया है। हमें इस बात से खुशी है कि दोनों राष्ट्र इस दिशा में कदम उठा रहे हैं।"
दक्षेस देशों की अफगानिस्तान में भूमिका के सवाल पर क्राउली ने कहा, "एशियाई क्षेत्र में यह पहला महत्वपूर्ण ढांचा (संगठन) है। हम इसे महत्वपूर्ण मानते हैं। दक्षेस की हम सराहना करते हैं।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*












Click it and Unblock the Notifications