रायबरेली में स्थिति सामान्य : जिलाधिकारी (लीड-1)
रायबरेली के जिलाधिकारी चरणजीत सिंह बक्शी ने गुरुवार को आईएएनएस को बताया, "अब चिंता की कोई बात नहीं है। जायस कस्बे में स्थिति शांतिपूर्ण है। हालांकि, हमलोग प्रभावित इलाके और आसपास के क्षेत्रों में लगातार निगरानी बनाए हुए हैं।"
पुलिस के मुताबिक जायस में दो समुदायों के बीच विवाद एक क्रिकेट मैच से शुरू हुआ, जहां कुछ युवकों ने एक दूसरे समुदाय के लड़के की पिटाई की, जिसके बाद विवाद ने हिंसक रूप ले लिया।
बक्शी ने कहा, "क्रिकेट मैच के दौरान झगड़े यहां के लिए कोई नई बात नहीं है, लेकिन इस विवाद ने इतना बड़ा रूप ले लिया जो दुर्भाग्य पूर्ण है।"
पुलिस के अनुसार बुधवार को सांप्रदायिक झड़प मामले में अब तक 40 लोग गिरफ्तार किए गए हैं।
जिले के अपर पुलिस अधीक्षक शालिग राम ने गुरुवार को संवाददाताओं को बताया कि गिरफ्तार लोग दोनों समुदायों के हैं। उन्होंने कहा कि बुधवार को हुई हिंसा के मद्देनजर जायस और आस-पास के इलाके में भारी सुरक्षा बल तैनात किए गए हैं।
राम ने कहा कि फिर से हालात न बिगड़े इसलिए भारी संख्या में पुलिस बल के अलावा दो कंपनी प्रांतीय सशस्त्र बल (पीएसी) तैनात की गई है। फिलहाल हालात पूरी तरह से काबू में है।
लखनऊ रेंज के पुलिस उपमहानिरीक्षक के. एल. मीणा अन्य वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के साथ रायबरेली में डेरा डाले हुए हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications