कश्मीर में मूसलाधार बारिश से झेलम उफनायी
श्रीनगर। पिछली तीन रातों से हो रही लगातार बारिश के चलते कश्मीर घाटी की सभी बड़ी नदियों और झीलों में जलस्तर बढ़ गया है। दूसरी तरफ भूस्खलन और ताजा बर्फबारी से श्रीनगर-लेह राजमार्ग बुधवार को जाम हो गया। रात के दौरान होने वाली भारी बारिश से झेलम नदी के जल स्तर में उफान है।
कारगिल जिले के द्रास सेक्टर के निकट भूस्खलन से श्रीनगर-लेह राजमार्ग बाधित हो गया। इस राजमार्ग को हल्के वाहनों के लिए पिछले सप्ताह ही खोला गया था। यातायात विभाग के एक अधिकारी ने बताया, "जोजिला दर्रे के पास बर्फबारी और भूस्खलन से राजमार्ग बाधित हो गया है जिसे खुलने में अभी दो से तीन दिन लग जाएंगे।"
उत्तरी कश्मीर के बांदीपोरा जिले में मंगलवार को मूसलाधार बारिश के चलते बांदीपोरा और सोपोर कस्बे को जोड़ने वाला एक पुल टूट गया। मौसम विभाग के निदेशक सोनम लोटस ने कहा, "इन दिनों पश्चिमी विक्षोभ जम्मू एवं कश्मीर से होकर गुजर रहा है जिससे यहां का मौसम प्रभावित हुआ है। मौसम में गुरुवार से सुधार होगा क्योंकि पश्चिमी विक्षोभ कमजोर होने लगेगा।" उन्होंने बताया कि घाटी और जम्मू क्षेत्र के अन्य हिस्सों में हुई बारिश से तापमान में काफी गिरावट आई है।













Click it and Unblock the Notifications