भाजपा की रैली से दिल्ली की यातायात व्यवस्था चरमराई (लीड-1)
नई दिल्ली, 21 अप्रैल (आईएएनएस)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की महंगाई विरोधी रैली से बुधवार को दिल्ली की यातायात व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई। रैली में भाग लेने के लिए हजारों की संख्या में भाजपा कार्यकर्ताओं का हुजूम सुबह ही राजधानी के रामलीला मैदान पहुंचने लगा।
भाजपा नेताओं ने इस रैली में तीन लाख से अधिक लोगों के पहुंचने का अनुमान लगाया है। रामलीला मैदान में पार्टी के लगभग सभी वरिष्ठ नेता इस रैली को संबोधित करेंगे। इसके बाद हजारों की संख्या में कार्यकर्ता जंतर मंतर की ओर कूच करेंगे। इस दौरान मध्य दिल्ली में ट्राफिक व्यवस्था का हाल और भी बुरा होने के आसार हैं।
रैली के कारण सबसे अधिक रिंग रोड, मथुरा रोड, इंडिया गेट, तिलक मार्ग, आसफ अली रोड, टॉलस्टाय रोड, सिकंदरा रोड, बाराखम्बा रोड, संसद मार्ग और अशोक रोड की ट्राफिक प्रभावित हुई। इन मार्गो से गुजरने वालों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा।
रैली के मद्देनजर भाजपा ने दिल्लीवासियों से सुबह 10 बजे से शाम छह बजे तक जाम से बचने की सलाह दी थी।
इस रैली को भाजपा संसदीय दल के अध्यक्ष लालकृष्ण आडवाणी, लोकसभा में विपक्ष की नेता सुषमा स्वराज, राज्यसभा में विपक्ष के नेता अरुण जेटली, पूर्व अध्यक्ष राजनाथ सिंह सहित अन्य वरिष्ठ नेता संबोधित करेंगे।
गत वर्ष दिसम्बर में पार्टी का अध्यक्ष बनने के बाद नितिन गडकरी के नेतृत्व में पार्टी का यह पहला और बड़ा सरकार विरोधी आयोजन है। इंदौर में संपन्न हुए पार्टी के राष्ट्रीय अधिवेशन में गडकरी ने इस रैली के आयोजन की घोषणा की थी।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*












Click it and Unblock the Notifications